शामकौड़िया और राजापट्टी स्टेशन पर रुकी पटना–थावे सवारी गाड़ी, यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
पटना-थावे सवारी गाड़ी का प्रायोगिक ठहराव शामकौड़िया और राजापट्टी रेलवे स्टेशनों पर शुरू हो गया है, जिससे क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग ...और पढ़ें

यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
HighLights
पटना-थावे ट्रेन का शामकौड़िया, राजापट्टी स्टेशनों पर ठहराव शुरू।
सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ।
विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों को आवागमन में मिलेगी बड़ी सुविधा।
जागरण संवाददाता, छपरा। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। गाड़ी संख्या 55515/55516 पटना–थावे–पटना सवारी गाड़ी का प्रायोगिक ठहराव शामकौड़िया और राजापट्टी रेलवे स्टेशनों पर शुरू कर दिया गया। दोनों स्टेशनों पर हरी झंडी दिखाकर सेवा का शुभारंभ किया गया।
सांसद ने दिखाई हरी झंडी
महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने बनियापुर विधायक केदारनाथ सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह और रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
सांसद सिग्रीवाल ने कहा कि ट्रेन के ठहराव से विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
टिकट लेकर यात्रा करने की अपील
उद्घाटन समारोह के दौरान सांसद ने यात्रियों से टिकट लेकर यात्रा करने की अपील की। उन्होंने स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ टिकट खरीदकर यात्रा कर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
रेलवे अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, स्टेशन डायरेक्टर राजेश कुमार समेत कई रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को यात्रियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल
ट्रेन के ठहराव की शुरुआत से क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखा गया। स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में बड़ा कदम बताया।