बिहार में राजधानी एक्सप्रेस को डिरेल करने की साजिश? सारण में ट्रैक पर रखी टंकी से टकराया इंजन
सारण जिले में राजधानी एक्सप्रेस को पटरी से उतारने की साजिश का खुलासा हुआ, जहां अज्ञात लोगों ने ट्रैक पर पानी की टंकी रख दी थी। हालांकि, लोको पायलट की ...और पढ़ें
HighLights
सारण में राजधानी एक्सप्रेस को पटरी से उतारने की साजिश।
ट्रैक पर रखी 1000 लीटर की पानी की टंकी से टक्कर।
लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा रेल हादसा।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात राजधानी एक्सप्रेस को दुर्घटनाग्रस्त करने की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया।
विजय राय टोला गांव के समीप छपरा-बलिया रेलखंड पर अज्ञात लोगों ने करीब 1000 लीटर क्षमता की पानी की खाली टंकी रेलवे ट्रैक पर रख दी।
डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस का इंजन टंकी से टकरा गया। हालांकि लोको पायलट की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा रेल हादसा टल गया।
घटना के बाद ट्रेन को गौतम स्थान रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा और करीब एक घंटे से अधिक समय तक परिचालन प्रभावित रहा।
सारण में राजधानी एक्सप्रेस हादसा टलने की टाइमलाइन
- 1:40 बजे: करीब चार घंटे विलंब से राजधानी एक्सप्रेस छपरा जंक्शन पहुंची।
- 1:48 बजे: छपरा जंक्शन से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई।
- 1:58 बजे: रिविलगंज के विजय राय टोला के पास रेलवे ट्रैक पर रखी 1000 लीटर की पानी की टंकी से इंजन टकराया।
- 2:00 बजे: लोको पायलट ने घटना की सूचना रेलवे कंट्रोल को दी।
- 2:15 बजे: तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
- 2:35बजे: रिविलगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
- 2:40 बजे: रेलवे की मैकेनिकल टीम और रेल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
- 3:00 बजे: रेलवे के वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
- 3:10 बजे: तकनीकी टीम ने इंजन से फंसी टंकी हटाकर उसे दुरुस्त किया।
- 3:15 बजे: राजधानी एक्सप्रेस को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
- 4:00 बजे: रेल पुलिस ने गांव की घेराबंदी कर पूछताछ और सघन जांच अभियान शुरू किया।
चार घंटे विलंब से चल रही थी राजधानी
जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस निर्धारित समय से लगभग चार घंटे विलंब से चल रही थी। ट्रेन रात 1:40 बजे छपरा जंक्शन पहुंची और 1:48 बजे वहां से रवाना हुई।
करीब 1:58 बजे विजय राय टोला के समीप रेलवे ट्रैक पर रखी पानी की टंकी से इंजन टकरा गया। टंकी इंजन के अगले हिस्से में फंस जाने से ट्रेन के अनियंत्रित होने की आशंका पैदा हो गई।
लोको पायलट की सतर्कता से बची सैकड़ों यात्रियों की जान
टक्कर के तुरंत बाद लोको पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन की गति नियंत्रित की और कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। इसके बाद रेल प्रशासन हरकत में आया।
रात करीब 2:40 बजे रेलवे की मैकेनिकल टीम और रेल पुलिस मौके पर पहुंची। इंजन से टंकी हटाकर तकनीकी जांच की गई, जिसके बाद ट्रेन को करीब 3:15 बजे गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
रेल यात्रियों में मची अफरातफरी
घटना के बाद राजधानी एक्सप्रेस में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि रेलकर्मियों ने यात्रियों को सुरक्षित होने की जानकारी देकर स्थिति सामान्य कराई। किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
गांव में घेराबंदी, संदिग्धों की तलाश तेज
घटना के बाद रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस ने विजय राय टोला गांव की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
जिस घर की पानी की टंकी ट्रैक पर रखी गई थी, उसके मालिक फिलहाल छपरा शहर में किराये के मकान में रहते हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
मोबाइल डंप व सीसीटीवी से जुटाए जा रहे साक्ष्य
रेल पुलिस घटना के समय की मोबाइल डंप और संदिग्ध मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण कर रही हैं। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
खबरें और भी
रेल पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी में जुटी है। प्रारंभिक जांच में इसे राजधानी एक्सप्रेस को दुर्घटनाग्रस्त करने की गंभीर साजिश के रूप में देखा जा रहा है।
रेल अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।