Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Bihar Politics: सारण के रण में उतरे रोहिणी और रूडी से 5 सवाल, इधर मोदी तो उधर लालू की 'गारंटी' पर भरोसा

    Updated: Tue, 14 May 2024 05:27 PM (IST)

    सारण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे राजीव प्रताप रूडी और रोहिणी आचार्य से दैनिक जागरण ने पांच कॉमन सवाल किए। दोनों उम्मीदवारों ने बिहार से पलायन परिवारवा ...और पढ़ें

    सारण के रण में उतरे रोहिणी और रूडी से 5 सवाल, इधर मोदी तो उधर लालू की 'गारंटी' पर भरोसा
    सारण के रण में उतरे रोहिणी और रूडी से 5 सवाल, इधर मोदी तो उधर लालू की 'गारंटी' पर भरोसा

    HighLights

    1. हार-जीत जनता और ईश्वर तय करते हैं : राजीव प्रताप रूडी
    2. परिवारवाद किसके परिवार में नहीं, मैं राजनीति में नई नहीं हूं : रोहिणी आचार्य

    जागरण संवाददाता, छपरा। Saran Lok Sabha Seat बिहार की सारण सीट इस समय खूब चर्चा में है। सारण से इस बार बीजेपी उम्मीदवार राजीव प्रताप रूडी के सामने लालू यादव की छोटी बेटी रोहिणी आचार्य ने तोल ठोक रही हैं। दोनों उम्मीदवारों से दैनिक जागरण ने 5 सियासी सवाल किए। सवाल कॉमन थे, लेकिन दोनों उम्मीदवारों ने अपने तरीके से जवाब दिया।

    राजीव प्रताप रूडी से सवाल-जवाब

    पहला सवाल: इस संसदीय चुनाव में एक बड़ा मुद्दा परिवारवाद का उभरा है। इसपर आपको क्या कहना है?

    जवाब: यहां परिवारवाद से बहुत ज्यादा बड़ा मुद्दा है। सारण में पूरा खानदानवाद है। पहले लालू प्रसाद लड़े, फिर उनकी पत्नी लड़ीं, फिर समधी लड़े, अब उनकी बेटी लड़ रही हैं। उनके परिवार में हमसे लड़ने के लिए कोई बचा नहीं है। उन्हें मुझे हराना है, इसलिए लगे हुए हैं। हार-जीत जनता और ईश्वर तय करते हैं।

    सवाल: आप सियासी मैदान के पुराने खिलाड़ी हैं। केंद्र की वर्तमान एनडीए सरकार के अबतक के काम-काज पर आपको क्या कहना है?

    जवाब: पिछले 10 वर्षों में केंद्र सरकार के कामकाज का आकलन करें तो काफी बेहतरीन है। हर क्षेत्र में केंद्र सरकार ने काम किया है। जहां मोदी हैं वहां मोदी की गारंटी है।

    सवाल: सारण संसदीय क्षेत्र में केंद्र की रेल और सड़क जैसी लंबित योजनाओं के बारे में क्या कहेंगे?

    जवाब: केंद्र की जो योजनाएं चल रही हैं, उसमें सारण में कई बड़े काम हुए। जो काम लंबित है उसे जल्द ही पूरा किया जाएगा। विकास के लिए जो भी काम दिखेगा उसे केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ मिलकर पूरा करेगी। सारण में 33 हजार करोड़ का काम अभी चल रहा है।

    सवाल: सारण लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की बड़ी समस्या आपकी नजर में क्या है, सांसद निर्वाचित होने पर इसके समाधान की दिशा में आप क्या करने वाले हैं?

    जवाब: विकास होगा तो समस्या भी दिखेंगी। सड़के बनेगी तो उसके आसपास घर भी बनेंगे और जब घर बनेंगे तो वहां बिजली की जरूरत होगी। गैस पाइपलाइन से रसोई गैस की जरूरत होगी। उसे पूरा किया जाएगा। समस्या नेचुरल है।

    खबरें और भी

    सवाल: महंगाई, बेकारी और बिहार के युवाओं का पलायन बड़ी समस्या है। इसबार लोकसभा में जाने के बाद इस दिशा में आपकी पहल क्या होगी?

    जवाब: बिहार से पलायन कोई नया नहीं है। यह लालू सरकार के समय से बिहार में शुरू हुआ है। इसको रोकने के लिए बिहार सरकार से बात कर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

    रोहिणी आचार्य से सवाल-जवाब

    सवाल: इस संसदीय चुनाव में एक बड़ा मुद्दा परिवारवाद का उभरा है। इसपर आपको क्या कहना है?

    जवाब: परिवारवाद किसके परिवार में नहीं है। ये जो रविशंकर प्रसाद के लिए प्रधानमंत्री रोड शो कर रहे हैं, वे किस परिवार से आते हैं। सभी पार्टियों के लोग परिवारवाद की राह पर चलते हैं। सिर्फ बदनाम मेरे परिवार को किया जाता है।

    सवाल: आप सियासत की पुरानी खिलाड़ी हैं, केन्द्र की वर्तमान एनडीए सरकार के अबतक के काम-काज पर आपको क्या कहना है?

    जवाब: मैं राजनीति में नई नहीं हूं। मेरा जन्म ही राजनीतिक परिवार में हुआ है। राजनीति ने मुझे चुना है। सारण की जनता ने रोहिणी को बुलाया है। रोहिणी आई है बदलाव की बयार में अपना योगदान देने के लिए। सारण का विकास करूंगी। केंद्र सरकार के कामकाज से पूरा देश त्रस्त है। यह आप भी देख रहे हैं।

    सवाल: सारण संसदीय क्षेत्र में केंद्र की रेल और सड़क जैसी लंबित योजनाओं के बारे में क्या कहेंगी?

    जवाब: लालूजी ने रेलमंत्री रहते बहुत कार्य किया, लेकिन उसके बाद सारण में कोई काम नहीं हुआ। एक फैक्ट्री तक उसके बाद नहीं लगी। सभी लंबित योजनाओं के लिए कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। छपरा-पटना सड़क निर्माण को लेकर जनता कराह रही है। मैं सभी योजनाओं को संचालित कराऊंगी।

    सवाल: सारण लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की बड़ी समस्या आपकी नजर में क्या है, सांसद निर्वाचित होने पर इसके समाधान की दिशा में आप क्या करने वाली हैं?

    जवाब: सारण की जनता बदलाव चाहती है। सारण में जलजमाव, सड़क, महंगाई व स्वास्थ्य बहुत बड़ी समस्या है। गैस सिलेंडर महंगा हो चुका है, जिससे महिलाओं को निजात दिलाना है। सभी घरेलू गैस की कीमत आधे से कम करना है। जिस प्रकार से शहर में नाला जाम की समस्या है, निश्चित ही बीमारियां बढ़ेंगी। इससे सारण की जनता को निजात दिलाना है।

    सवाल: महंगाई, बेकारी और बिहार के युवाओं का पलायन बड़ी समस्या है। इसबार लोकसभा में जाने के बाद इस दिशा में आपकी पहल क्या होगी?

    जवाब: महंगाई चरम पर है। जनता कराह रही है। सही तरह से गरीबों के घर के चूल्हे नहीं जल रहे हैं। बेरोजगारी काफी बढ़ी है। इसके लिए रोजगार सृजित किया जाएगा। पलायन रोकने की दिशा में पहल की जाएगी। पलायन एक बहुत बड़ी समस्या है, जिस पर सरकार का ध्यान केंद्रित नहीं है।

    ये भी पढ़ें- Sitamarhi Lok Sabha Seat: जदयू से देवेश चंद्र ठाकुर और राजद से अर्जुन राय, कौन होगा सीतामढ़ी का 'सिकंदर'?

    ये भी पढ़ें- Nitish Kumar: ...तो इस वजह से PM मोदी के नामांकन में नहीं जा सके CM नीतीश कुमार, सामने आई ये वजह