Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    छपरा में जनगणना के लिए 1 अगस्त से होगा फील्ड सर्वे, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जुटाए जाएंगे गांव-शहर के आंकड़े

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 04:31 PM (IST)

    छपरा में आगामी जनगणना हेतु जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) तैयार करने के लिए क्षेत्र पदाधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू हुआ। ...और पढ़ें

    छपरा में जनगणना के लिए 1 अगस्त से होगा फील्ड सर्वे

    छपरा में जनगणना के लिए 1 अगस्त से होगा फील्ड सर्वे

    HighLights

    1. आगामी जनगणना हेतु जिला जनगणना हस्तपुस्तिका प्रशिक्षण शुरू।

    2. 1 अगस्त से 31 अगस्त तक फील्ड सर्वे।

    3. मोबाइल ऐप से डिजिटल डेटा संग्रह किया जाएगा।

    जागरण संवाददाता, छपरा। आगामी जनगणना के अंतर्गत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) तैयार करने की दिशा में बुधवार से जिला अतिथि गृह सभागार में क्षेत्र पदाधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया।

    प्रशिक्षण का उद्घाटन जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्ता मुकेश कुमार ने किया। वहीं, जनगणना निदेशालय के सहायक निदेशक रवि रंजन ने प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

    प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता मुकेश कुमार ने कहा कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका जिले के समग्र विकास की रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की योजना बनाई जाती है।

    उन्होंने कहा कि राजस्व ग्रामों और शहरी क्षेत्रों से सटीक तथा प्रमाणिक सूचनाओं का संकलन बेहद आवश्यक है। इसके लिए क्षेत्र पदाधिकारियों को प्रशिक्षण मैनुअल का गहन अध्ययन करने और सर्वेक्षण कार्य के दौरान पूरी जिम्मेदारी के साथ डेटा संग्रह करने की जरूरत है।

    सहायक निदेशक रवि रंजन ने बताया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने की प्रक्रिया वर्ष 1951 से लगातार जारी है। इसके तहत गांवों और नगर क्षेत्रों से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, भूमि उपयोग, आधारभूत सुविधाओं समेत विकास से संबंधित विभिन्न जानकारियां एकत्र की जाती हैं।

    उन्होंने बताया कि इस बार ग्राम स्तर पर लगभग 400 तथा शहरी क्षेत्रों में 420 प्रकार की सूचनाओं का संकलन किया जाएगा। ये आंकड़े भविष्य में विकास योजनाओं के निर्माण और नीति निर्धारण में सहायक सिद्ध होंगे।

    एसएलएमटी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता आलोक राज ने कहा कि पहली बार डीसीएचबी का पूरा कार्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जा रहा है। सभी क्षेत्र पदाधिकारी मोबाइल ऐप के माध्यम से सूचनाएं दर्ज करेंगे। ऐसे में ऐप के संचालन और डेटा अपलोडिंग की प्रक्रिया को समझना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

    खबरें और भी

    जिला नोडल पदाधिकारी अदिति आनंद ने बताया कि जिले में एक अगस्त से 31 अगस्त तक फील्ड सर्वे संचालित किया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान एकत्रित आंकड़े मोबाइल ऐप के माध्यम से अपलोड किए जाएंगे, जिन्हें चार्ज अधिकारियों के जरिए जिला स्तर पर संकलित किया जाएगा।

    प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय के प्रशिक्षक लक्ष्मी मिश्रा और शंकर शरण श्रीवास्तव ने मोबाइल ऐप के उपयोग, डेटा संग्रहण की तकनीक तथा विभिन्न प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला जनगणना कोषांग के अधिकारियों और कर्मियों ने भी सक्रिय सहयोग किया।