सारण में बाढ़ से बिगड़े हालात, गंगा-सोन समेत चार नदियों के जलस्तर में तेजी; NH-19 पर आया पानी
सारण जिले में गंगा, सरयू, सोन और गंडक नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का संकट गहरा गया है। डोरीगंज ...और पढ़ें

सारण में एनएच-19 पर चढ़ा पानी। जागरण
HighLights
सारण में गंगा, सरयू, सोन, गंडक का जलस्तर बढ़ा।
डोरीगंज के पास NH-19 पर एक फीट पानी।
निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने की आशंका।
संवाद सूत्र, डोरीगंज (सारण)। जिले में बाढ़ का संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। गंगा, सरयू, सोन और गंडक नदियों के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि का असर अब दियारा और तटीय इलाकों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।
कई निचले क्षेत्रों में बाढ़ का पानी तेजी से आबादी की ओर बढ़ रहा है। इसी बीच डोरीगंज थाना क्षेत्र के सिंगही गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर पानी चढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
सड़क पर करीब एक फीट पानी आने के कारण आवागमन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच दियारा क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
रिहायशी इलाके में प्रवेश कर सकता है पानी
कई जगहों पर खेत और निचले हिस्से पानी में डूबने लगे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि जलस्तर इसी गति से बढ़ता रहा तो बाढ़ का पानी जल्द ही रिहायशी इलाकों में प्रवेश कर सकता है।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले परिवार सुरक्षित स्थानों की तलाश में जुट गए हैं। लोगों के सामने घर-गृहस्थी का सामान सुरक्षित रखने के साथ मवेशियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की चुनौती भी खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि नदी के पानी में लगातार वृद्धि से स्थिति कभी भी गंभीर रूप ले सकती है। दियारा और तटीय पंचायतों में बाढ़ को लेकर दहशत का माहौल है।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों की निगाह अब नदियों के जलस्तर पर टिकी है। यदि जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला नहीं थमा तो आने वाले घंटों में कई और इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने की आशंका है।
