Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कुएं में मिला छात्रा का शव; मां बोली-सामूहिक दुष्‍कर्म के बाद कर दी हत्‍या, सारण की घटना

    Updated: Fri, 13 Mar 2026 08:43 PM (IST)

    सारण के डेरनी थाना क्षेत्र में एक दसवीं की छात्रा का शव कुएं से मिला है। मृतका की मां ने पांच युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या कर शव कुएं में फेंकन ...और पढ़ें

    छपरा के डेरनी में दुष्‍कर्म कर हत्‍या का आरोप।

    छपरा के डेरनी में दुष्‍कर्म कर हत्‍या का आरोप।

    HighLights

    1. दसवीं की छात्रा का शव कुएं से मिला।

    2. मां ने सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया।

    3. एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी।

    संसू, जागरण, दरियापुर (सारण): सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र में दसवीं की एक छात्रा का शव कुएं से मिलने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

    मृत छात्रा की मां ने डेरनी थाने में आवेदन देकर पांच युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद बेटी की हत्या कर शव कुएं में फेंक देने का गंभीर आरोप लगाया है।

    पांच युवकों को बनाया नामजद, एक गिरफ्तार

    पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

    मृतका की मां द्वारा दिए गए आवेदन में सचिन कुमार मांझी, युवराज मांझी, चंदन मांझी, अजय मांझी और विकास मांझी को नामजद किया गया है। पुलिस ने इनमें से युवराज मांझी को गिरफ्तार कर लिया है।

    आवेदन में पीड़िता की मां ने बताया है कि 11 मार्च की दोपहर करीब ढाई बजे उनकी बेटी पुराने घर से सामान लेने के लिए गई थी।

    इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपितों ने उसे पकड़ लिया और कथित तौर पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे घसीटते हुए कुएं में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

    पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

    मां ने यह भी आरोप लगाया है कि नामजद आरोपित विकास मांझी पहले भी घर में घुसकर उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास कर चुका था। घटना की जानकारी देने पर आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी।

    घटना की जानकारी मिलने पर सोनपुर के एसडीपीओ प्रितेश कुमार और मुजफ्फरपुर से पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से विभिन्न नमूने एकत्रित कर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं।

    घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस लगातार गश्त कर रही है। डेरनी थानाध्यक्ष प्रीति कुमारी ने बताया कि मृतका की मां के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

    उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मौत मानते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी।