मूर्ति विसर्जन विवाद: सारण का मिर्जापुर गांव पुलिस छावनी में तब्दील, सीनियर अधिकारी भी रख रहे नजर
मढ़ौरा के मिर्जापुर तालपुरैना और बाजिदभोरहां गांवों में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए विवाद के बाद तनाव है। प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं, जि ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, मढ़ौरा (सारण)। थाना क्षेत्र के मिर्जापुर तालपुरैना व बाजिदभोरहां गांवों में मूर्ति विसर्जन के दौरान उत्पन्न विवाद के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। घटना के बाद से क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और शांति व्यवस्था बहाल रखने के उद्देश्य से पुलिस बल व दंडाधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।
ग्रामीण एसपी संजय कुमार एवं एसडीओ निधि राज ने दाैरा कर हालात का जायजा लिया। उनके निर्देश पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदन के आधार पर चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इसके अलावा लाउडस्पीकर एक्ट के तहत सरस्वती पूजा समिति से जुड़े दोनों पक्षों के सदस्यों के खिलाफ भी अलग से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसडीपीओ नरेश पासवान के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के सात लोगों को गिरफ्तार कर छपरा जेल भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि हाल के विवाद में हुई मारपीट की घटना में संतोष महतो की पत्नी सुगुन देवी तथा दूसरे पक्ष से तालपुरैना निवासी वीरेंद्र महतो के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, एक दिन पूर्व हुई घटनाओं को लेकर भी दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
खबरें और भी
इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों में सत्येंद्र महतो, प्रदीप महतो, जलेश्वर महतो, निशु कुमार, वीरेंद्र महतो, मंजू देवी और बिक्की कुमार शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में शांति बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है और किसी भी उपद्रवी तत्व पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।