Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सारण में वृद्धा हत्याकांड पर फूटा गुस्सा: ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी कर लगाया जाम, आरोपी को फांसी देने की मांग

    Updated: Sun, 14 Jun 2026 02:40 PM (IST)

    सारण के मांझी में 80 वर्षीय वृद्धा की हत्या के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आरोपी को फांसी देने की मांग की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ...और पढ़ें

    सारण मांझी में सड़क जाम करते ग्रामीण

    सारण मांझी में सड़क जाम करते ग्रामीण

    HighLights

    1. शीतलपुर में 80 वर्षीय रुक्मणि देवी की हत्या।

    2. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भी ग्रामीणों का प्रदर्शन।

    3. सड़क जाम कर हत्यारे को फांसी देने की मांग।

    संवाद सूत्र, दाउदपुर/मांझी (सारण)। सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव में बीते दिनों हुई वृद्धा हत्याकांड की घटना को लेकर रविवार की सुबह ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। मांझी-एकमा मुख्य मार्ग पर धमालु ब्रह्म बाबा के समीप लोगों ने आगजनी कर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कुछ समय तक वाहनों का परिचालन पूरी तरह बाधित रहा।

    बताया जाता है कि शीतलपुर गांव निवासी करीब 80 वर्षीय रुक्मणि देवी की 11 जून की रात घर के बाहर सोने के दौरान हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि बदमाश ने उनकी बेरहमी से पिटाई करने के बाद नाक में पहना आभूषण लूट लिया और फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

    तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

    हत्याकांड के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

    Saran Murder

    (सारण हत्या आरोपित को फांसी देने के लिए प्रदर्शन करते स्वजन व ग्रामीण)

    गिरफ्तारी के बाद भी नहीं थमा आक्रोश

    आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वृद्धा की निर्मम हत्या करने वाले अपराधी को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। लोगों ने आरोपी को फांसी देने तथा उसके खिलाफ और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

    खबरें और भी

    अधिकारियों के समझाने पर खुला जाम

    सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगों को उच्च स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

    काफी देर तक चली वार्ता के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कर दिया गया। इसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में अब भी चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

    यह भी पढ़ें- सारण के द‍िघवारा में लाखों नगद और आभूषण की चोरी; घर के सदस्‍यों को कमरे में बंद कर द‍िया वारदात को अंजाम