सारण में नई नवेली दुल्हन की संदिग्ध मौत, ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या का आरोप
सारण के बनियापुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया ह ...और पढ़ें

सारण में नई नवेली दुल्हन की संदिग्ध मौत, ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या का आरोप (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, बनियापुर (सारण)। थाना क्षेत्र के चतुर्भुज छपरा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका रीता देवी की शादी करीब एक वर्ष पूर्व गांव के ही नीरज यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी।
शुक्रवार की सुबह अचानक उसकी मौत की सूचना मायके वालों को दी गई। खबर मिलते ही मांझी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव से मृतका के स्वजन चतुर्भुज छपरा पहुंचे। बेटी का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया कि रीता की गला दबाकर हत्या की गई है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। स्वजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मामले को आत्महत्या या सामान्य मौत का रूप देने का प्रयास किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बनियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे में पलंग पर पड़े शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद से ससुराल पक्ष के कई सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध माना जा रहा है। वहीं, मृतका के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बनियापुर थाना पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।