Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार के सारण में NH-531 पर सड़क हादसा, आर्केस्ट्रा पार्टी के 3 कलाकारों की मौत; 9 घायल

    By Rajiv KumarEdited By: Nishant Bharti
    Updated: Fri, 08 May 2026 10:55 AM (IST)

    सारण जिले के दाउदपुर/एकमा में NH-531 पर ट्रक और पिकअप की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ...और पढ़ें

    सारण में सड़क हादसा। (जागरण)

    सारण में सड़क हादसा। (जागरण)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सहयोगी, दाउदपुर/एकमा (सारण)। छपरा–सिवान मुख्य मार्ग एनएच-531 पर दाउदपुर से पूर्व बनवार-साधपुर चौक के समीप शुक्रवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में आर्केस्ट्रा पार्टी के तीन कलाकारों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

    हादसा उस समय हुआ जब शादी समारोह से कार्यक्रम प्रस्तुत कर लौट रही कलाकारों की मैजिक पिकअप वाहन की एक तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कलाकार चीख-पुकार करने लगे।

    आर्केस्ट्रा ग्रुप के तीन लोगों की मौत

    जानकारी के अनुसार खैरा थाना क्षेत्र के खैरा बाजार स्थित 'जिया आर्केस्ट्रा म्यूजिकल ग्रुप' के कलाकार एवं कर्मचारी सिवान जिले के चैनपुर में आयोजित एक वैवाहिक समारोह में प्रस्तुति देकर शुक्रवार की सुबह छपरा लौट रहे थे।

    इसी दौरान बनवार-साधपुर चौक के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी।
    हादसे में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लोहड़ी गांव निवासी मुन्ना मांझी के 20 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार मांझी तथा उसी गांव के ललन मांझी के 18 वर्षीय पुत्र जितेंद्र मांझी की मौके पर ही मौत हो गई।

    खबरें और भी

    वहीं, एक महिला कलाकार की भी जान चली गई, जिसकी पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सोनाथ कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई तथा स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

    9 लोग घायल

    घायलों में खैरा बाजार निवासी जया कुमारी (30), चैनपुर निवासी पिंकी कुमारी (20), अल्पना मंडल (29), लघु कुमार (35), मनु राय (30), विक्की राय (20), मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कामेश्वर मांझी के 28 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार तथा गड़खा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी मनोज शर्मा के 22 वर्षीय पुत्र कालू कुमार आदि शामिल हैं।

    सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां कई की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

    हादसे में एक लगभग चार वर्षीय बच्ची भी वाहन में सवार थी, जिसे मामूली खरोंच तक नहीं आई। घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

    पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना की जांच में जुट गई है। हादसे के बाद जिया आर्केस्ट्रा म्यूजिकल ग्रुप और मृतकों के गांवों में शोक का माहौल व्याप्त है।

    यह भी पढ़ें- बक्सर में मामा की शादी में आए 2 मासूमों को ट्रैक्टर ने रौंदा, मौके पर मौत