Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    PSM पोर्टल बताएगा थानों का हाल, बिहार में पुलिस को मिला 'डिजिटल हथियार'; 24x7 होगी मॉनिटरिंग

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 04:05 PM (IST)

    सारण पुलिस को थानों की गतिविधियों की रियल टाइम निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस स्टेशन मॉनिटरिंग (पीएसएम) पोर्टल मिला है। ...और पढ़ें

    सारण पुलिस को मिला डिजिटल हथियार, पीएसएम पोर्टल से थानों की कार्यशैली पर रहेगी नजर (AI Generated Image)

    सारण पुलिस को मिला डिजिटल हथियार, पीएसएम पोर्टल से थानों की कार्यशैली पर रहेगी नजर (AI Generated Image)

    HighLights

    1. सारण पुलिस को मिला पीएसएम डिजिटल मॉनिटरिंग पोर्टल।

    2. थानों की गतिविधियों की रियल टाइम निगरानी और जवाबदेही।

    3. पोर्टल के प्रभावी उपयोग हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला।

    जागरण संवाददाता, छपरा। सारण के थानों की कार्यशैली पर डिजिटल नजर रहेगी। पुलिस स्टेशन मॉनिटरिंग पोर्टल (पीएसएम) के जरिए सारण पुलिस को ऐसा तकनीकी हथियार मिला है, जिससे थानों की गतिविधियों की रियल टाइम निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।

    इसी कड़ी में गुरुवार को पुलिस केंद्र सभागार में पुलिस स्टेशन मॉनिटरिंग (पीएसएम) पोर्टल के प्रभावी संचालन एवं उपयोग को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

    वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर आयोजित इस कार्यशाला में जिले के सभी थाना प्रभारी, नामित तकनीकी पदाधिकारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए।

    पुलिसिंग में तकनीक की बढ़ती भूमिका:

    प्रशिक्षण का संचालन साइबर थाना के पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष चंद्रभूषण तथा यातायात पुलिस उपाधीक्षक संतोष कुमार पासवान के नेतृत्व में किया गया।

    अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीकी संसाधनों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सभी पदाधिकारियों को पोर्टल के बेहतर उपयोग के लिए प्रशिक्षित किया जाना आवश्यक है।

    अभिलेखों से लेकर रिपोर्ट तक की जानकारी:

    कार्यशाला के दौरान पोर्टल के विभिन्न अनुभागों, सूचनाओं की प्रविष्टि प्रक्रिया, अभिलेख संधारण, प्रतिवेदन तैयार करने की प्रणाली तथा संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।

    साथ ही यह भी बताया गया कि समय पर और शुद्ध सूचना दर्ज होने से कार्यों की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।

    जिज्ञासाओं का समाधान, दिए गए सुझाव:

    प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने पोर्टल के उपयोग से संबंधित अपनी शंकाएं भी रखीं। विषय विशेषज्ञ अधिकारियों ने तकनीकी समस्याओं और व्यावहारिक चुनौतियों का समाधान करते हुए बेहतर संचालन के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उदाहरणों के माध्यम से पोर्टल की उपयोगिता भी समझाई गई।

    समयबद्धता और शुद्धता पर विशेष जोर:

    वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिस स्टेशन मॉनिटरिंग पोर्टल पर प्रत्येक सूचना की प्रविष्टि पूरी जिम्मेदारी, समयबद्धता और शुद्धता के साथ सुनिश्चित की जाए।

    उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से पुलिस कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता को और मजबूती मिलेगी। साथ ही विभिन्न थानों और शाखाओं के कार्यों की निगरानी भी अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से हो सकेगी।