छपरा में पुलिस का बड़ा एक्शन: खंगाले होटल-लॉज के रजिस्टर, CCTV फुटेज की हुई जांच
सारण पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए होटलों, लॉजों और हॉस्टलों की सघन जांच शुरू की है। ...और पढ़ें

HighLights
सारण पुलिस ने होटलों, लॉजों की सघन जांच की।
ठहरे लोगों के पहचान-पत्रों और रजिस्टरों का सत्यापन किया गया।
सुरक्षा मानकों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सारण पुलिस ने होटल, लॉज और हास्टलों की व्यापक जांच शुरू कर दी है।
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने एक-एक होटल और लॉज पहुंचकर ठहरे लोगों का सत्यापन किया।
अचानक हुई जांच से कई जगहों पर हड़कंप की स्थिति रही, जबकि संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई।
पहचान-पत्र एवं रजिस्टर की हुई गहन पड़ताल:
अभियान के दौरान होटल और लॉज में ठहरे सभी लोगों के पहचान-पत्र, जैसे आधार कार्ड एवं अन्य वैध आईडी की बारीकी से जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कमरा आवंटित करने से पहले दर्ज किए गए रजिस्टरों का मिलान किया और यह देखा कि आगंतुकों की पूरी जानकारी निर्धारित प्रारूप में दर्ज की गई है या नहीं। कई स्थानों पर अभिलेखों की भी विस्तार से जांच की गई।
संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर:
जांच के दौरान पुलिस ने होटल परिसर और आसपास की गतिविधियों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और उनकी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी।
अभियान का उद्देश्य किसी भी असामाजिक या आपराधिक तत्व को होटल, लॉज अथवा हास्टलों में शरण लेने से रोकना और जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना बताया गया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले:
पुलिस टीमों ने कई होटल और लॉज में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की। साथ ही रिकॉर्ड किए गए फुटेज का भी निरीक्षण किया गया।
संचालकों को निर्देश दिया गया कि सभी कैमरे हमेशा चालू स्थिति में रहें तथा फुटेज सुरक्षित रखी जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में जांच में सहयोग मिल सके।
संचालकों को दी सख्त चेतावनी:
सारण पुलिस ने सभी होटल एवं लॉज संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि बिना वैध पहचान-पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध नहीं कराया जाए।
प्रत्येक आगंतुक का पूरा विवरण निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति अथवा असामान्य परिस्थिति की सूचना तत्काल संबंधित थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को देने को कहा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले होटल एवं लॉज संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।