Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सारण में सड़क हादसे ने छीन ली दो जिंदगियां, पिता-पुत्र की मौत

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 04:29 PM (IST)

    सारण जिले के दिघवारा में मानुपुर ओवरब्रिज पर हुए सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से पांच वर्षीय सिद्धार्थ की मौके पर ही म ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. सारण में अज्ञात वाहन की टक्कर से भीषण हादसा।

    2. पिता सोनू कुमार और पांच वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ की मौत।

    3. परिवार का इकलौता सहारा और बेटा दोनों छिना।

    जागरण टीम, डोरीगंज/दिघवारा (सारण)। सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के मानुपुर ओवरब्रिज पर रविवार की रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ दी। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी।

    हादसे में पांच वर्षीय सिद्धार्थ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उसके पिता सोनू कुमार (करीब 35 वर्ष) ने इलाज के दौरान पटना स्थित पीएमसीएच में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

    पत्नी को लाने ससुराल जा रहे थे:

    जानकारी के अनुसार, डोरीगंज थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत के रसूलपुर टोला निवासी सोनू कुमार अपने पैतृक गांव से साइकिल पर सवार होकर पुत्र सिद्धार्थ के साथ पत्नी को लाने के लिए डेरनी सुतिहार स्थित ससुराल जा रहे थे।

    रात में मानुपुर ओवरब्रिज के समीप पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे।

    मासूम को कुचलते हुए भाग निकला चालक:

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद अनियंत्रित वाहन पांच वर्षीय सिद्धार्थ को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे।

    खबरें और भी

    स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

    इकलौते बेटे के साथ परिवार का सहारा भी छिना:

    बताया जाता है कि सोनू कुमार पांच भाइयों में सबसे बड़े थे और पूरे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। परिवार में उनकी तीन बेटियां और इकलौता पुत्र सिद्धार्थ था।

    इस हादसे में पिता और इकलौते बेटे दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी इन दिनों मायके में थीं और उन्हें लाने जाते समय यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    मुआवजे की मांग, पुलिस जांच में जुटी:

    पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं। इधर, स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।