Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    तेजस फाइटर व‍िमान का मॉडल फूंका; डेढ़ लाख की कलाकृति जली, सारण के युवाओं ने मुहर्रम पर क‍िया था तैयार

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 12:05 PM (GMT+05:30)

    सारण के अरियांव गांव में मुहर्रम के लिए युवाओं द्वारा बनाया गया डेढ़ लाख का तेजस फाइटर विमान मॉडल असामाजिक तत्वों ने जला दिया। ग्रामीणों में आक्रोश है ...और पढ़ें

    तेजस के जले मॉडल को देखते लोग। जागरण

    तेजस के जले मॉडल को देखते लोग। जागरण

    HighLights

    1. सारण में युवाओं का डेढ़ लाख का तेजस मॉडल जलाया।

    2. मुहर्रम के लिए बना मॉडल असामाजिक तत्वों ने आग लगाई।

    3. ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस मामले की जांच में जुटी।

    संवाद सहयोगी, दाउदपुर/मांझी (सारण)। सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में मुहर्रम के अवसर पर युवाओं द्वारा तैयार किया गया तेजस फाइटर विमान का मॉडल असामाजिक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया।

    घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे युवाओं की मेहनत और सामाजिक सौहार्द पर हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

    जानकारी के अनुसार, मुस्लिम समाज के युवाओं ने करीब 20 दिनों की मेहनत से तेजस लड़ाकू विमान का आकर्षक मॉडल तैयार किया था।

    डेढ़ लाख में बनाया गया था मॉडल 

    इस मॉडल को बनाने में लगभग डेढ़ लाख रुपये खर्च किए गए थे। बीते 26 जून को निकाले गए मुहर्रम जुलूस में इसका प्रदर्शन किया गया था।

    देश के स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस की तर्ज पर तैयार इस मॉडल ने लोगों का खूब ध्यान खींचा था। इसे देखने के लिए आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।

    ग्रामीणों का कहना है कि यह मॉडल देशभक्ति, रचनात्मकता और सामाजिक एकता का संदेश दे रहा था। बताया जाता है कि बुधवार की देर रात अज्ञात लोगों ने मॉडल में आग लगा दी।

    गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे जब ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो मॉडल का बड़ा हिस्सा जल चुका था। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी मिलते ही युवाओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई।

    मॉडल बनाने वाले युवाओं ने कहा कि यह केवल एक सजावटी संरचना नहीं थी, बल्कि गांव के युवाओं की सामूहिक मेहनत, कला और आपसी भाईचारे का प्रतीक थी। इसे जलाकर असामाजिक तत्वों ने उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

    पुलिस कर रही मामले की जांच

    घटना की सूचना दाउदपुर थाना पुलिस को दी गई है। ग्रामीणों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आगजनी करने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

    दाउदपुर थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। घटनास्थल की जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।