सारण के इस स्कूल में 605 छात्रों के लिए सिर्फ 2 कमरे, पेड़ों की छांव में पढ़ने को मजबूर बच्चे; CM को भेजा आवेदन
सारण के मरहां स्थित एक विद्यालय में 605 छात्रों के लिए केवल दो कमरे उपलब्ध हैं, जिससे अधिकांश कक्षाएं खुले में संचालित होती हैं। ...और पढ़ें

पेड़ों की छांव में पढ़ने को मजबूर बच्चे
HighLights
मरहां स्कूल में 605 छात्रों के लिए केवल दो कमरे उपलब्ध।
अधिकांश कक्षाएं खुले मैदान और पेड़ों की छांव में संचालित।
नए भवन निर्माण हेतु मुख्यमंत्री को आवेदन, जल्द पहल की मांग।
संवाद सहयोगी, दाउदपुर/मांझी (सारण)। मांझी प्रखंड के मरहां स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय सह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भवन की गंभीर कमी विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। कक्षा एक से 12वीं तक संचालित इस विद्यालय में 605 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, लेकिन उनके लिए मात्र दो कमरे उपलब्ध हैं।
ऐसे में अधिकांश कक्षाओं का संचालन खुले मैदान और पेड़ों की छांव में करना पड़ रहा है। इस स्थिति को लेकर अभिभावकों, ग्रामीणों और शिक्षकों में चिंता बढ़ती जा रही है।
नए भवन का निर्माण शुरू कराने की मांग
विद्यालय भवन निर्माण की मांग को लेकर शीतलपुर पंचायत भवन में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम आवेदन सौंपा। आवेदन में प्रकाश कुमार, सुमंत कुशवाहा समेत कई युवाओं ने जल्द से जल्द नए भवन का निर्माण शुरू कराने की मांग की है।
उनका कहना है कि पर्याप्त भवन नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उन्हें बुनियादी शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय के दो कमरों में से एक का उपयोग
प्रधानाध्यापक कक्ष के रूप में किया जाता है, जबकि दूसरे कमरे में शैक्षणिक गतिविधियां संचालित होती हैं। कमरों की कमी के कारण अधिकांश छात्रों को खुले स्थान पर पढ़ाई करनी पड़ती है। गर्मी, बरसात और तेज हवाओं के दौरान यह स्थिति और भी कठिन हो जाती है।
बारिश होने पर कक्षाएं बाधित हो जाती हैं, जबकि आंधी-तूफान के समय बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। विद्यालय के पास सड़क होने के कारण उड़ने वाली धूल भी पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न करती है। विद्यालय में छात्र संख्या के अनुपात में शिक्षकों की उपलब्धता संतोषजनक है, लेकिन आधारभूत संरचना के अभाव में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
खबरें और भी
विद्यालय में केवल एक चापाकल और बिजली की सुविधा उपलब्ध है। वहीं शौचालय, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला और खेल मैदान जैसी आवश्यक सुविधाओं का अभाव है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजा पत्र
प्रधानाध्यापक सुभाष कुमार गुप्ता ने बताया कि भवन निर्माण के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को दो बार पत्र भेजा जा चुका है। विभाग द्वारा विद्यालय की भूमि की दो बार मापी भी कराई गई है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में खुले में पढ़ाई कराना बड़ी चुनौती साबित होता है।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विभा रानी ने बताया कि भवन निर्माण के संबंध में विभाग को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है और भूमि मापी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। विभागीय स्वीकृति प्राप्त होते ही निर्माण कार्य की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश महासचिव दिनेश कुमार सिंह ने भी विद्यालय में पर्याप्त भवन निर्माण की आवश्यकता बताते हुए शीघ्र पहल की मांग की है।
विद्यालय एक नजर में
- विद्यालय : उत्क्रमित मध्य विद्यालय सह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मरहां
- कुल छात्र-छात्राएं : 605
- उपलब्ध कमरे : 2
कक्षा अनुसार छात्र संख्या
- कक्षा 1 से 5 : 110
- कक्षा 6 से 8 : 191
- कक्षा 9 व 10 : 179
- कक्षा 11 व 12 : 125
शिक्षकों की संख्या
- प्राथमिक स्तर : 4
- मध्य विद्यालय : 3
- उच्च विद्यालय : 7
- उच्चतर माध्यमिक स्तर : 11
- कुल शिक्षक : 25
उपलब्ध सुविधाएं
- एक चापाकल
- विद्युत सुविधा
अनुपलब्ध सुविधाएं
- शौचालय
- पुस्तकालय
- प्रयोगशाला
- खेल मैदान