सारण के तरैया में बरातियों से भरी बस पलटी, 1 की मौत और 5 घायल; JCB से निकाले गए दबे लोग
तरैया के गंडार गांव में रविवार देर रात बरातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। ...और पढ़ें
-1784484358395_m.webp)
बरातियों से भरी बस पलटी। (जागरण)
HighLights
तरैया के गंडार गांव में बरातियों से भरी बस पलटी।
हादसे में एक बराती की मौत, पांच लोग गंभीर घायल हुए।
ब्रेकर के पास चालक का नियंत्रण हटने से हुआ हादसा।
संवाद सूत्र, तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के गंडार गांव स्थित एसएच-73 पर रविवार देर रात बरातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में एक बराती की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा कई अन्य बरातियों को भी चोटें आई हैं।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और बस में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।
जानकारी के अनुसार वैशाली जिले के लालगंज से बरातियों को लेकर एक बस जगदीशपुर जा रही थी। इसी दौरान गंडार गांव के समीप सड़क पर बने ब्रेकर के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया।
अनियंत्रित बस सड़क किनारे स्थित एक सूखे पेड़ और बिजली के पोल को तोड़ते हुए पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार लोग अंदर ही फंस गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसी दौरान एक बाराती बस के नीचे दबा मिला।
उसे जेसीबी की सहायता से बाहर निकालकर पुलिस के सहयोग से रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान वैशाली जिले के बिशुनपुर अररा निवासी मोहम्मद असगर के रूप में हुई है। दुर्घटना में मो. विस्फुल, मो. सदाम, मो. खुर्शीद आलम समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बुलेट, सेना के जवान सहित 3 की मौत