इंस्टा से शुरू हुआ प्यार टावर पर पहुंचा, यूपी की लड़की ने बिहार पहुंचकर किया हाईवोल्टेज ड्रामा
सारण के दाउदपुर में इंस्टाग्राम पर शुरू हुए प्रेम प्रसंग के चलते एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई और शादी की मांग करने लगी।

टावर में चढ़ी युवती को देखते लोग। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, दाउदपुर (सारण)। सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के इनायतपुर मिश्री टोला में रविवार को एक फिल्मी अंदाज का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब प्रेम प्रसंग में एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुआ यह प्यार अब सड़क से लेकर आसमान तक चर्चा का विषय बन गया।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई कहानी
युवती की पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी अंजली राजभर के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, अंजली और दाउदपुर के तकिया गांव निवासी अजय मांझी के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। इसी रिश्ते को अंजाम तक पहुंचाने के लिए युवती ने यह कदम उठाया।
मोबाइल टावर पर चढ़कर जताई जिद
रविवार सुबह करीब आठ बजे युवती अचानक गांव के एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। चढ़ने से पहले उसने एक पत्र नीचे फेंका, जिसमें उसने अपने प्रेमी अजय मांझी से शादी और कोर्ट मैरिज कराने की मांग की। इतना ही नहीं, उसने अपनी मांग को साबित करने के लिए सिंदूर भी भर रखा था और खुद को उसकी पत्नी बता रही थी।
घटनास्थल पर उमड़ी लोगों की भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से लोग मौके पर जुटने लगे। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल अफरातफरी में बदल गया। हर कोई इस अनोखे घटनाक्रम को देखने और सुनने के लिए उत्सुक नजर आया।
पुलिस और जनप्रतिनिधियों की मशक्कत
सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। हालात को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और काफी देर तक उसे शांत कराने की कोशिश करते रहे।
घंटों बाद सुरक्षित उतारी गई युवती
कई घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद थानाध्यक्ष निर्भय कुमार ने टीम के साथ साहस दिखाते हुए टावर पर चढ़कर युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
जांच में जुटी दाउदपुर थाने की पुलिस
फिलहाल पुलिस युवती के आरोपों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। इंस्टाग्राम से शुरू हुई यह प्रेम कहानी अब कानूनी और सामाजिक पहलुओं के बीच उलझ गई है, जिसका सच सामने लाने की कोशिश जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।