शिवहर किसान हत्याकांड: भूमि विवाद में पिता-पुत्र सहित तीन गिरफ्तार, पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया मामला
Bihar Crime News: शिवहर में किसान साहब राय की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। भूमि विवाद में गला दबाकर हत्या करने के आरोप में पिता-पु ...और पढ़ें

प्रेसवार्ता में मामले की जानकारी देते एसपी शैलेंद्र सिंह, मौजूद एसडीपीओ अनुशील कुमार व थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता। फोटो सौ. जागरण
जागरण संवाददाता, शिवहर। Sheohar Murder News: तरियानी थाना क्षेत्र के छतौनी टोला घुसुकपुर वार्ड-दो में किसान साहब राय उर्फ सिपाही राय की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।
एसपी शैलेंद्र सिंह के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पिता-पुत्र समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने भूमि विवाद के कारण हत्या करने की बात स्वीकार की है।
एसपी ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी
सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि एसडीपीओ अनुशील कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड का सफल उद्भेदन किया।
मामले में गांव के ही हंसलाल राय, उसके पुत्र सुरेंद्र राय और नगीना राय को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि मृतक की पत्नी कौशल्या देवी के आवेदन पर तरियानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
भूमि विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार किसान साहब राय और आरोपित हंसलाल राय के बीच खेत की जुताई और जमीन के स्वामित्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में रविवार को जब साहब राय खेत में काम करने गए, तब आरोपितों ने गमछे से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू की।
विशेष टीम ने कुछ घंटों में किया खुलासा
एसपी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद एसडीपीओ अनुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में तरियानी के अंचल निरीक्षक, थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
खबरें और भी
वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान करते हुए टीम ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने मामूली भूमि विवाद को लेकर हत्या करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मुख्य आरोपित का रहा है आपराधिक इतिहास
एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार हंसलाल राय का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी जेल जा चुका है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
प्रेसवार्ता के दौरान एसडीपीओ अनुशील कुमार और तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।