बिहार पंचायत चुनाव से पहले महत्वपूर्ण अपडेट, मंत्री ने कहा, परिसीमन के उपरांत ही डाले जाएंगे वोट
Bihar Panchayat Election Update:पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने स्पष्ट किया कि बिहार में पंचायत चुनाव परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होंगे। उ ...और पढ़ें

प्रेस वार्ता को संबोधित करते मंत्री दीपक प्रकाश (बीच में) बाएं रालोमा जिलाध्यक्ष कल्याण पटेल व वरिष्ठ रालोमो नेता ठाकुर धर्मेंद्र सिंह। फोटो: जागरण
HighLights
पंचायत चुनाव परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा।
शिवहर में पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर।
जागरण संवाददाता, शिवहर। Panchayati Raj Minister Deepak Prakash: बिहार में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर लगाई जा रही तमाम अटकलों पर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने विराम लगा दिया है।
शिवहर में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मंत्री ने परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान स्पष्ट किया कि राज्य में परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चुनाव कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि परिसीमन का कार्य संपन्न होते ही पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पंचायती राज व्यवस्था को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे शीघ्र ही पंचायतों का स्वरूप बदला हुआ नजर आएगा।
इसके साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों के मानदेय और पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा भी की।
विकास कार्यों का विवरण देते हुए उन्होंने कहा कि शिवहर जिले में 17 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण चल रहा है, जबकि 49 स्थलों के लिए स्वीकृति दी जा चुकी है।
अब तक 15 भवन बनकर तैयार हो चुके हैं, जिनमें से 11 में आरटीपीएस केंद्र और 7 में आधार सेवा संचालित है। इसके अलावा जिले में मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत 7,810 लाइटें लगाई जा चुकी हैं।
सामाजिक कल्याण की योजनाओं का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के लिए जिले की 19 पंचायतों का चयन किया गया है।
वहीं मोक्षधाम योजना के तहत शिवहर की 53 में से 38 पंचायतों में शवदाह गृहों का निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा, जिसके लिए प्राक्कलन तैयार हो रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-2026 में शिवहर जिला परिषद को विभिन्न संसाधनों से 1.61 करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त हुई है।
आयोजित इस वार्ता के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इनमें राष्ट्रीय लोक मोर्चा के ठाकुर धर्मेंद्र प्रसाद सिंह, जिलाध्यक्ष कल्याण पटेल, पूजा सिंह, हिमांशु पटेल, रामलोचन सिंह कुशवाहा के अलावा लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष विजय पांडे शामिल थे।
खबरें और भी
इनके साथ 'हम' के जिलाध्यक्ष मोहम्मद इब्राहिम, जदयू जिलाध्यक्ष कमलेश पांडे तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अहमर अब्दाली भी उपस्थित रहे।