Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जेल के बाद अवैध खनन पर प्रहार, शिवहर में रात में छापेमारी कर पोकलेन जब्त

    By Sunil Kumar Edited By: Ajit kumar
    Updated: Mon, 20 Apr 2026 12:22 PM (GMT+05:30)

    Bagmati River Mining: शिवहर में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर पुरनहिया के अ ...और पढ़ें

    शिवहर में छापेमारी के बाद पोकलेन जब्त किया गया। फोटो- जागरण

    शिवहर में छापेमारी के बाद पोकलेन जब्त किया गया। फोटो- जागरण

    संवाद सहयोगी, शिवहर / पुरनहिया। sheohar Police Raid: शिवहर जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर एक पोकलेन मशीन जब्त की। हालांकि कार्रवाई के दौरान खनन माफिया, चालक और मजदूर मौके से फरार हो गए।

    बागमती नदी घाट पर आधी रात छापेमारी

    शनिवार और रविवार की दरमियानी रात पुरनहिया प्रखंड के अदौरी स्थित बागमती नदी घाट पर यह छापेमारी की गई। प्रभारी डीएम सह एडीएम मेधावी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम अचानक मौके पर पहुंची, जिससे खनन में लगे लोगों के बीच हड़कंप मच गया।

    मौके से पोकलेन जब्त, आरोपी फरार

    प्रशासन की टीम को देखते ही खनन माफिया और मजदूर भाग निकले। चालक भी पोकलेन छोड़कर फरार हो गया। मौके से एक पोकलेन मशीन जब्त कर उसे पुरनहिया थाना के हवाले कर दिया गया है।

    रात के अंधेरे में अवैध खनन का खेल

    जिले में लंबे समय से रात के अंधेरे में नदी घाटों से अवैध रूप से मिट्टी और बालू का खनन किया जा रहा है। सुबह होने से पहले ही ट्रैक्टर और हाइवा के जरिए इसे विभिन्न स्थानों तक पहुंचा दिया जाता है, जिससे सरकार को भारी राजस्व का नुकसान हो रहा है।

    खबरें और भी

    कई थानों में दर्ज हैं मामले

    हाल के दिनों में अवैध खनन के कई मामले सामने आए हैं। इसको लेकर पिपराही, पुरनहिया और तरियानी थानों में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। बावजूद इसके खनन माफिया सक्रिय बने हुए हैं।

    अधिकारियों को सख्त निगरानी के निर्देश

    छापेमारी के दौरान मौजूद अधिकारियों में अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुणाल, एसडीपीओ सुशील कुमार, जिला खनन पदाधिकारी मो. इमरान आलम और थानाध्यक्ष प्रेमजीत सिंह शामिल थे। प्रभारी डीएम ने सभी अधिकारियों को अवैध खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए लगातार जांच और अभियान चलाने का निर्देश दिया।

    लगातार जारी रहेगा अभियान

    प्रभारी डीएम मेधावी ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के खिलाफ सघन जांच और छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा। नदी घाटों की नियमित निगरानी की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।