Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शिवहर में स्कार्पियो ने ली 12 वर्षीय बच्चे की जान, आक्रोशित लोगों ने किया हाईवे जाम

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 01:12 PM (IST)

    Bihar Road Accident: शिवहर में तेज रफ्तार स्कार्पियो की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच 227 जाम कर मुआवजे और ...और पढ़ें

    नाराज लोगों ने हाईवे जाम कर जमकर हंगामा किया। फोटो: जागरण

    नाराज लोगों ने हाईवे जाम कर जमकर हंगामा किया। फोटो: जागरण

    जागरण संवाददाता, शिवहर। Sheohar Scorpio Accident: शिवहर-सीतामढ़ी एनएच 227 पर देकुली धाम के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार स्कार्पियो की ठोकर से साइकिल सवार 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।

    हादसे के बाद नाराज लोगों ने हाईवे जाम कर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और मुआवजे व कार्रवाई की मांग की।

    Sheohar Scorpio Accident 4

    लोगों की पिटाई से जख्मी स्कार्पियो चालक को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस। जागरण

    हादसे के बाद चालक को पकड़ा

    मृतक की पहचान पिपराही थाना क्षेत्र के परसौनी बैज वार्ड पांच निवासी रमेश कुमार साह के इकलौते पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई। बताया गया कि अंकुश देकुली धाम में जलाभिषेक करने गया था। पूजा के बाद वह साइकिल से घर लौट रहा था।

    इसी दौरान शिवहर से सीतामढ़ी की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने अंकुश को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

    Sheohar Scorpio Accident 3

    क्षतिग्रस्त स्कार्पियो। जागरण

    स्कार्पियो में तोड़फोड़ कर पिटाई

    हादसे के बाद चालक स्कार्पियो लेकर भागने लगा। स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे वाहन समेत पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने स्कार्पियो में तोड़फोड़ की और चालक की पिटाई कर दी। इसके बाद चालक को बंधक बना लिया गया।

    घटना से नाराज लोगों ने देकुली धाम के पास बांस-बल्ले लगाकर एनएच 227 को जाम कर दिया। सड़क पर टायर जलाकर आगजनी भी की गई। लोग मृतक के स्वजन को मुआवजा देने और आरोपित चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

    खबरें और भी

    Sheohar Scorpio Accident 1

    दो घंटे तक लगा रहा जाम

    घटना की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों के कब्जे से चालक को मुक्त कराया और स्कार्पियो को जब्त कर लिया। कार्रवाई का आश्वासन देकर काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया गया। जाम के कारण करीब दो घंटे तक हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

    Sheohar Scorpio Accident 2

    नेपाल में मजदूरी करता है पिता

    अंकुश अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। हादसे की सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। मृतक का पिता नेपाल में मजदूरी करता है और फिलहाल वहीं है। स्वजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

    पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कार्पियो को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।