Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शिवहर के आदर्श कुमार ने पीएम मोदी से किया सीधा संवाद, वाइब्रेंट विलेज के अनुभव किए साझा

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 07:32 PM (IST)

    शिवहर के आदर्श कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया। उन्होंने वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत किन्नौर के सीम ...और पढ़ें

    कार्यक्रम में जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश भर के युवा व आदर्श कुमार। फोटो: जागरण

    कार्यक्रम में जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश भर के युवा व आदर्श कुमार। फोटो: जागरण 

    HighLights

    1. आदर्श कुमार ने पीएम मोदी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया।

    2. किन्नौर के सीमावर्ती गांव में वाइब्रेंट विलेज के अनुभव साझा किए।

    3. पीएम मोदी ने सीमावर्ती गांवों को 'देश के प्रथम गांव' बताया।

    जागरण संवाददाता, शिवहर। Vibrant Village Programme: जिले के युवा स्वयंसेवक आदर्श कुमार ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद किया।

    युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत की ओर से आयोजित विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2026 में आदर्श ने सीमावर्ती गांवों में अपने अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए।

    देशभर के 400 युवाओं में चयन

    आदर्श कुमार का चयन माय भारत पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज और निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर देशभर के शीर्ष 400 युवाओं में हुआ था। वह शिवहर शहर के वार्ड 16 स्थित रानी पोखर मोहल्ले के रहने वाले हैं। वह बलराम भूषण और आशा गुप्ता के पुत्र हैं।

    किन्नौर के सीमावर्ती गांव पहुंचे

    चयन के बाद आदर्श ने हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के एक सीमावर्ती गांव में सात दिन बिताए। इस दौरान उन्होंने वहां की स्थानीय संस्कृति, सामरिक महत्व और विकास कार्यों को करीब से समझा। रविवार को आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग कार्यक्रम में आदर्श समेत अन्य युवा समाहरणालय स्थित एनआइसी से जुड़े थे।

    पीएम से साझा किया अनुभव

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद के दौरान आदर्श ने किन्नौर के सीमावर्ती गांव में बिताए समय के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि यह उनके लिए केवल एक यात्रा नहीं थी, बल्कि ऐसा अनुभव था जिसने उन्हें देश को नए दृष्टिकोण से देखने की प्रेरणा दी।

    पीएम ने युवाओं को सराहा

    कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के अनुभवों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत के सीमावर्ती गांव देश के 'अंतिम' नहीं, बल्कि 'प्रथम गांव' हैं। प्रधानमंत्री ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत की यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

    खबरें और भी

    केंद्रीय मंत्री का जताया आभार

    आदर्श कुमार ने इस अवसर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री डा. मनसुख मांडविया और माय भारत मंच का विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने उन्हें सीमावर्ती क्षेत्रों के जीवन और देश की सुरक्षा में इन गांवों के महत्व को करीब से समझने का अवसर दिया।

    माय भारत के जिला युवा अधिकारी ने आदर्श कुमार को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने इसे शिवहर जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। साथ ही जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की, ताकि वे भी राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भाग लेकर राष्ट्र सेवा से जुड़ सकें।