Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अरवल की घटना के विरोध में शिवहर सदर अस्पताल समेत सभी पीएचसी की ओपीडी सेवा बंद, मरीज लौटे 

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 01:00 PM (GMT+05:30)

    अरवल सिविल सर्जन से मारपीट के विरोध में शिवहर के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं। बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ के आह्वान पर चिकित्सकों ...और पढ़ें

    शिवहर सदर अस्पताल में पसरा सन्नाटा। फोटो: जागरण

    शिवहर सदर अस्पताल में पसरा सन्नाटा। फोटो: जागरण

    जागरण संवाददाता, शिवहर। Sheohar Sadar Hospital OPD: अरवल के सिविल सर्जन के साथ हुई मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना के विरोध में बुधवार को शिवहर जिले के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं।

    बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ के आह्वान पर चिकित्सकों ने कार्य बहिष्कार कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान शिवहर सदर अस्पताल से लेकर जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक नियमित ओपीडी सेवाएं बंद रहीं। दूर-दराज के इलाकों से इलाज कराने पहुंचे कई मरीज बिना उपचार कराए ही वापस लौट गए।

    मरीजों को हुई परेशानी

    ओपीडी बंद रहने से मरीजों और उनके स्वजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में निबंधन काउंटर, दवा वितरण कक्ष और अन्य ओपीडी विभागों की सेवाएं प्रभावित रहीं।

    कई मरीज सुबह से अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन चिकित्सकों के कार्य बहिष्कार के कारण उनकी जांच और उपचार नहीं हो सका। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को हुई।

    इन पीएचसी में असर

    पिपराही, डुमरी कटसरी, पुरनहिया, तरियानी और शिवहर पीएचसी के चिकित्सक भी हड़ताल में शामिल रहे। इन केंद्रों की ओपीडी सेवाएं भी पूरी तरह बंद रहीं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ी।

    हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से इमरजेंसी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित की जाती रहीं। गंभीर मरीजों का उपचार आपातकालीन वार्ड में जारी रहा।

    सुरक्षा की उठी मांग

    चिकित्सकों ने अरवल की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।

    बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ के अनुसार, गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत के बाद अरवल के सिविल सर्जन डॉ. राज किशोर प्रसाद के साथ हुई मारपीट के विरोध में राज्यव्यापी आंदोलन चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शिवहर जिले के चिकित्सकों ने भी ओपीडी सेवाएं बंद रखकर अपना आक्रोश जताया।