शिवहर में बिहार बंद को लेकर पुलिस की कड़ी निगरानी, एसपी ने किया रूट मार्च
Sheohar Route March:शिवहर में छात्र आंदोलन के तहत घोषित बिहार बंद को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है। एसपी के नेतृत्व में रूट मार्च किया गया और लोगों से शा ...और पढ़ें

शिवहर में बिहार बंद को लेकर रूट मार्च करते पुलिस के जवान। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, शिवहर। Sheohar Bihar Band: छात्र आंदोलन के तहत शनिवार को घोषित बिहार बंद को लेकर शिवहर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों समेत संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
एसपी ने किया रूट मार्च
एसपी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीपीओ अनुशील कुमार, एसडीओ डॉ. अनंत कुमार, डीएसपी साइबर ईशानी सिन्हा, डीएसपी ट्रैफिक भाई भरत कुमार और नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने पुलिस बल के साथ शहर में रूट मार्च किया। अधिकारियों ने आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
भड़काऊ पोस्ट से बचने की अपील
रूट मार्च के दौरान छात्रों से कानून हाथ में नहीं लेने और इंटरनेट मीडिया पर किसी भी तरह की भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुबह तक नहीं दिखा असर
शनिवार सुबह 11 बजे तक शहर में बिहार बंद का कोई खास असर नहीं दिखा। बाजार सामान्य रूप से खुले रहे और सड़कों पर वाहनों का परिचालन भी जारी रहा। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम छात्रों ने जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान तीन उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया।
वहीं आंदोलन से संबंधित भड़काऊ पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर साझा करने के आरोप में नौ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसपी ने दिए सख्त निर्देश
संभावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता, अनुशासन, संयम और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
खबरें और भी
आपात स्थिति पर नजर
एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से भी अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।