शिवहर में अपराध की साजिश रच रहे दो बदमाश हथियार समेत गिरफ्तार, तीसरा पुलिस को चकमा देकर फरार
शिवहर के तरियानी थाना क्षेत्र में अपराध की योजना बना रहे दो बदमाशों को पुलिस ने देसी कट्टा और बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। हालांकि, उनका एक साथी फरार ...और पढ़ें

थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में बनी पुलिस टीम को मिली सफलता। बदमाशों के बारे में जानकारी देते अधिकारी। फोटो: विभाग
HighLights
शिवहर में दो बदमाश देसी कट्टा, बाइक के साथ गिरफ्तार।
तरियानी थाना क्षेत्र में अपराध की योजना बना रहे थे।
एक साथी फरार, पुलिस आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
जागरण संवाददाता, शिवहर। Sheohar Crime News: जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में अपराध की योजना बना रहे दो बदमाशों को पुलिस ने देसी कट्टा और बाइक के साथ गिरफ्तार किया है।
हालांकि कार्रवाई के दौरान उनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
एसपी शैलेंद्र सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत तरियानी थाना पुलिस को औरा-पहाड़पुर पथ पर कुछ बदमाशों के अपराध की योजना बनाने की सूचना मिली। इसके बाद थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे। जवानों ने घेराबंदी कर दो आरोपितों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा मौके से फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान औरा गांव निवासी अभिषेक कुमार और दिग्वेश कुमार के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया। इसके अलावा घटनास्थल से एक बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस फरार बदमाश की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
शनिवार शाम तरियानी थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ अनुशील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाया गया और इसके पीछे अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने कहा कि अवैध हथियार के बल पर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।