Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शेखपुरा में डबल मर्डर से सनसनी; खेत में बोरे से मिले दो किशोर के शव, दो दि‍न से थे लापता

    Updated: Tue, 19 May 2026 10:20 AM (IST)

    शेखपुरा के कसार थाना क्षेत्र में दो किशोरों के शव बोरे में बंद खेत से मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों रविवार से लापता थे और पुलिस ने हत्या क ...और पढ़ें

    शव म‍िलने के बाद कागजी कार्रवाई करती पुलिस। जागरण

    शव म‍िलने के बाद कागजी कार्रवाई करती पुलिस। जागरण

    HighLights

    1. शेखपुरा के कसार में डबल मर्डर की वारदात।

    2. खेत से बोरे में दो किशोरों के शव मिले।

    3. दोनों किशोर रविवार से लापता थे, पुलिस जांच में जुटी।

    जागरण संवाददाता, शेखपुरा। कसार थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई। कसार गांव के बाहरी इलाके में खेत से बोरे में बंद दो क‍िशोर के शव मिलने के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

    दोनों की पहचान कसार थाना के कसार गांव निवासी आयुष कुमार तथा पीयूष कुमार के रूप के हुई है। उनकी उम्र 12 वर्ष के आसपास है। रविवार से दोनों लापता थे।

    आशंका जताई जा रही है कि दोनों क‍ि‍शोरों की हत्या कहीं और करने के बाद शवों को पहचान छिपाने के उद्देश्य से खेत में फेंक दिया गया।

    सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर संदिग्ध हालत में पड़े एक बड़े बोरे पर पड़ी। दुर्गंध आने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

    तीन-चार द‍िन पहले फेंके जाने की आशंका

    मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा खोला तो उसमें दो क‍िशाेरों के शव देखकर सभी सन्न रह गए। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

    पुलिस के अनुसार दोनों शव काफी हद तक सड़ चुके थे, जिससे आशंका है कि हत्या तीन से चार दिन पहले की गई होगी।  

    शवों पर चोट के निशान मिलने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के तरीके पर स्पष्ट कुछ कहने की बात कर रही है।

    हत्‍या के कारण तलाश रही पुलिस 

    पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही थी। स्थानीय लोगों से भी शवों की पहचान कराने का प्रयास किया गया। 

    बाद में दोनों क‍िशोरों की पहचान होने के बाद कोहराम मच गया। शेखपुरा पुलिस ने घटनास्थल से कुछ अहम सुराग जुटाने का दावा किया है।

    एफएसएल टीम को भी बुलाए जाने की तैयारी है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए जा सकें। कसार थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

    शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हर बिंदु पर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश, अपराध गिरोह या किसी अन्य वजह का हाथ है।

    इलाके में एक साथ दो शव मिलने की घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

    खबरें और भी