Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सीतामढ़ी में मोबाइल दुकानदार पर चाकू से हमला, बाइक, तीन मोबाइल और 15 हजार रुपये लूटे

    Updated: Fri, 26 Jun 2026 05:43 PM (IST)

    सीतामढ़ी के मेजरगंज में एक मोबाइल विक्रेता पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर उसकी बाइक, तीन मोबाइल फोन और ...और पढ़ें

    जख्मी ऋषिकेश कुमार

    जख्मी ऋषिकेश कुमार

    संवाद सहयोगी, मेजरगंज (सीतामढ़ी)। Sitamarhi Crime: सीतामढ़ी के मेजरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार रात घर लौट रहे एक मोबाइल विक्रेता पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया।

    आरोप है कि छह बदमाशों ने चाकू मारकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और उनकी बाइक, तीन मोबाइल फोन तथा 15 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    दुकान बंद कर घर लौटते समय वारदात

    सहियारा थाना क्षेत्र के बेलाही जयराम निवासी ऋषिकेश कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह बसबिट्टा बाजार स्थित अपनी जय माता दी इंटरप्राइजेज मोबाइल दुकान बंद कर गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक से घर लौट रहे थे।

    बसबिट्टा गांव से पूरब लालदासी मोड़ स्थित पीपल के पेड़ के पास पहले से घात लगाए छह बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

    चाकू से हमला कर किया घायल

    पीड़ित के अनुसार, हमलावरों में बसबिट्टा निवासी आदर्श कुमार तथा टनटन (मूल निवासी रून्नीसैदपुर, वर्तमान में बसबिट्टा स्थित अपने ननिहाल में रहने वाला) शामिल थे। उनके साथ चार अन्य अज्ञात बदमाश भी थे।

    आरोप है कि मारपीट के दौरान आदर्श कुमार ने जान से मारने की नीयत से उनकी गर्दन पर चाकू से हमला किया। बचाव करने के दौरान चाकू उनके दाहिने हाथ में लग गया, जिससे हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में बाएं हाथ और नाक पर भी चोटें आईं।

    तीन मोबाइल, नकदी और बाइक लूटकर फरार

    हमलावरों ने पीड़ित का बैग छीन लिया, जिसमें सैमसंग ए-52, सैमसंग एस-21 अल्ट्रा और रेडमी नोट-15 का एक डेमो मोबाइल रखा था। इसके अलावा पैंट की जेब से 15 हजार रुपये नकद और उनकी सफेद रंग की बाइक (बीआर-30-जे-2744) भी लूट ली।

    खबरें और भी

    पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर बदमाश लगातार जान से मारने की धमकी देते रहे।

    राहगीरों के पहुंचते ही भागे बदमाश

    घटना के दौरान पीछे से कुछ राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख सभी बदमाश फरार हो गए। भागने के क्रम में स्थानीय लोगों ने आरोपित टनटन की बाइक की चाबी अपने कब्जे में ले ली।

    सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल भेजा और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

    हत्या के प्रयास और लूट का केस हो

    पीड़ित ने नामजद और अन्य अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, अवैध रूप से रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

    साथ ही लूटे गए सामान की बरामदगी, आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी की है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।