रेलवे स्टेशन पार्किंग में 30 की जगह वसूले जा रहे 50 रुपये, सीतामढ़ी में अवैध वसूली का आरोप
Auto E Rickshaw Union Bihar: सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन पार्किंग में ऑटो-ई-रिक्शा चालकों से निर्धारित 30 रुपये की जगह 50 रुपये अवैध रूप से वसूले जाने का आर ...और पढ़ें

कथित अवैध वसूली और भारी अव्यवस्था से चालकों में आक्रोश। फोटो: जागरण
HighLights
सीतामढ़ी रेलवे पार्किंग में 30 की जगह 50 रुपये वसूली।
ऑटो-ई-रिक्शा चालक संघ ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन।
चालकों ने अवैध वसूली और बदहाली पर जताया विरोध।
संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। Railway Parking Extortion: रेलवे स्टेशन परिसर स्थित पार्किंग में कथित अवैध वसूली और भारी अव्यवस्थाओं को लेकर ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक संघ ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। संघ के जिला अध्यक्ष दीपलाल दास के नेतृत्व में चालकों ने मंडल रेल प्रबंधक (DRM), समस्तीपुर को एक ज्ञापन सौंपा है।
इस ज्ञापन के जरिए पार्किंग में हो रही मनमानी वसूली पर तुरंत रोक लगाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है।
वसूली का आरोप, विरोध पर मारपीट
ऑटो-ई रिक्शा चालक संघ का आरोप है कि स्टेशन पार्किंग का संचालन कर रही सृष्टि इंटरप्राइजेज द्वारा चालकों से निर्धारित शुल्क से कहीं ज्यादा रकम वसूली जा रही है। संघ के अध्यक्ष ने बताया कि पहले चार्जिंग और पार्किंग के नाम पर 30 रुपये लिए जाते थे, लेकिन अब दबंगई के बल पर 50 रुपये वसूले जा रहे हैं।
आरोप यह भी है कि जब भी कोई चालक इस अतिरिक्त और नाजायज राशि का विरोध करता है, तो पार्किंग कर्मियों द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट की जाती है। इस तानाशाही रवैये के कारण स्थानीय चालकों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
जलजमाव और बदहाली से परेशान
डीआरएम को सौंपे गए ज्ञापन में चालकों ने पार्किंग क्षेत्र की बदहाली का भी जिक्र किया है। चालकों का कहना है कि पार्किंग स्थल पर चारों तरफ जलजमाव है, साफ-सफाई का नामोनिशान नहीं है और बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। इतनी बदहाली के बाद भी अवैध रूप से मोटी रकम वसूली जा रही है।
खबरें और भी
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस अवैध वसूली पर रोक नहीं लगी और व्यवस्था नहीं सुधरी, तो रेलवे प्रशासन और पार्किंग संचालक के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से धरना-प्रदर्शन और आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय रेलवे स्टेशन के टेम्पो स्टैंड के पेटी कांट्रेक्टर धीरज कुमार उर्फ सुबोध कुमार ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने चालकों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह गलत, निराधार और बेबुनियाद बताया है।
आरपीएफ (RPF) इंस्पेक्टर ओम प्रकाश ठाकुर ने इस संबंध में पूछे जाने पर कहा कि पार्किंग में अवैध वसूली या मारपीट का ऐसा कोई भी मामला अभी तक उनके संज्ञान में आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है।
वहीं, रेल थानाध्यक्ष ज्वाला प्रसाद ने बताया कि कुछ चालक आए जरूर थे जो टेम्पो पार्किंग इंचार्ज द्वारा अवैध वसूली की शिकायत कर रहे थे। चूंकि इस तरह के मामलों की जांच और कार्यक्षेत्र आरपीएफ के अधीन आता है, इसलिए उन लोगों को उचित जांच के लिए आरपीएफ के पास भेजा गया है।