गैस की किल्लत के बावजूद पुनौराधाम मंदिर में जारी है सीता रसोई, लकड़ी के चूल्हे पर बन रहा प्रसाद
Mahavir Mandir Nyas Samiti: रसोई गैस की कमी के कारण लकड़ी के चूल्हे पर भोजन तैयार किया जा रहा है, जिसमें फिलहाल खिचड़ी प्रसाद परोसा जा रहा है। मंगलवार ...और पढ़ें

Sitamarhi Temple Food Service: फिलहाल आने वाले श्रद्धालुओं को खिचड़ी परोसा जा रहा है। फोटो: जागरण
HighLights
गैस किल्लत के बावजूद सीता रसोई पुनौराधाम में जारी।
लकड़ी के चूल्हे पर तैयार हो रहा है श्रद्धालुओं का भोजन।
मंगलवार से पूर्ण भोजन प्रसाद फिर से उपलब्ध होगा।
संवाद सहयोगी, सीतामढ़ी। Sita Rasoi Punauradham: मां जानकी की जन्मभूमि माने जाने वाले पुनौराधाम मंदिर परिसर में संचालित सीता रसोई गैस की किल्लत के बावजूद लगातार तीर्थ यात्रियों और साधु-संतों की सेवा में लगी हुई है।
रसोई गैस की कमी होने के कारण यहां वैकल्पिक व्यवस्था अपनाते हुए लकड़ी के चूल्हे पर भोजन तैयार किया जा रहा है। फिलहाल आने वाले श्रद्धालुओं को खिचड़ी प्रसाद परोसा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार से यहां फिर से पूर्व की तरह चावल, दाल, घी, सब्जी और चटनी के साथ भोजन प्रसाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।
बताया जाता है कि पटना महावीर मंदिर न्यास समिति की ओर से संचालित इस सीता रसोई की शुरुआत वर्ष 2016 में महावीर मंदिर के संस्थापक सचिव ब्रह्मलीन आचार्य किशोर कुणाल के संकल्प से की गई थी। तब से यहां आने वाले तीर्थ यात्रियों और साधु-संतों को निशुल्क भोजन प्रसाद उपलब्ध कराया जाता है।
पिछले दो दिनों से व्यावसायिक गैस सिलेंडर नहीं मिलने के कारण यहां लकड़ी के चूल्हे पर खिचड़ी बनाकर श्रद्धालुओं को परोसी जा रही है। खिचड़ी के साथ चोखा, चटनी, घी और पापड़ देकर तीर्थ यात्रियों की सेवा की जा रही है।
सीता रसोई में कार्यरत सात कर्मचारी विशेष मेहनत के साथ इस सेवा कार्य को निरंतर जारी रखे हुए हैं। रसोई के संयोजक राम शंकर शास्त्री ने बताया कि जनवरी में 3316, फरवरी में 3637 और मार्च में 15 तारीख तक 1290 श्रद्धालुओं को निशुल्क भोजन प्रसाद उपलब्ध कराया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि इस सेवा कार्य को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए जिला प्रशासन से व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
वहीं इस कठिन परिस्थिति में सेवा कार्य को जारी रखने वाले रसोई कर्मियों ए. दीक्षित, वी. नवीन कुमार, नागेंद्र, मनोज, अजीत कुमार, नंदन कुमार और गौतम को महावीर मंदिर न्यास समिति की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।