Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भारत-नेपाल बॉर्डर पर तस्करों की साजिश नाकाम, लाखों की गांजे की खेप जब्त, तस्कर गिरफ्तार

    By Vijay VarmaEdited By: Dharmendra Singh
    Updated: Sun, 02 Aug 2026 11:35 AM (IST)

    एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर 15.400 किलो गांजे के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीतामढ़ी के भिट्ठामोड़ बॉर्डर पर हुई, जहां तस्करों ...और पढ़ें

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एसएसबी का अभियान लगातार रंग ला रहा है।

    शनिवार की देर रात भिट्ठामोड़ बॉर्डर पर तैनात एसएसबी की 51वीं बटालियन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15.400 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। जवानों की सतर्कता से तस्करों की पूरी साजिश धरी की धरी रह गई।

    घेराबंदी कर दबोचे गए तीनों तस्कर

    एसएसबी ने यह कार्रवाई भिट्ठा थाना क्षेत्र के कोरियाही गांव के समीप तिरपित नगर में की। जवानों को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर तीन लोगों को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान उनके पास से 15 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही तीन मोबाइल फोन और 30,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

    दिल्ली के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपित

    गिरफ्तार तस्करों की पहचान दिल्ली के जेजे थाना क्षेत्र अंतर्गत वजीरपुर कॉलोनी, भारत नगर निवासी मो. अली, मो. आशिक अली और मो. शाकिर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस और एसएसबी यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप नेपाल से लाई गई थी या किसी अन्य नेटवर्क के जरिए सीमा तक पहुंची थी।

    एसएसबी ने पुलिस को सौंपा मामला

    बरामद गांजा, मोबाइल और नकदी को जब्त करने के बाद एसएसबी ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद तीनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भिट्ठा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

    खबरें और भी

    एनडीपीएस एक्ट में केस, जेल भेजे गए आरोपी

    भिट्ठा थानाध्यक्ष दीपक पटेल ने बताया कि एसएसबी की ओर से प्राप्त आवेदन के आधार पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

    रविवार को तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा बरामद गांजे की खेप को किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। सीमा पार सक्रिय तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए एसएसबी और पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुटी है।