सीतामढ़ी में एक ही बिस्तर पर सोए थे मां-बेटे, सुबह दोनों की मौत से गांव में मातम
सीतामढ़ी के बोखड़ा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनिया टोल में मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे गांव में शोक की लहर है। भोजन के बाद तबीयत ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, बोखड़ा (सीतामढ़ी)। बोखड़ा थाना क्षेत्र के खड़का दक्षिणी पंचायत के वार्ड संख्या 5 स्थित लक्ष्मीनिया टोल में मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
अचानक तबीयत बिगड़
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीनिया टोल निवासी सुनील मंडल की 36 वर्षीया पत्नी शीला देवी एवं 7 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जाता है कि रविवार की रात दोनों मां-बेटे भोजन करने के बाद एक ही बिस्तर पर सोए थे।
सोमवार सुबह शीला देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसी दौरान पुत्र ऋतिक कुमार की भी तबीयत खराब होने लगी। स्वजन दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बोखड़ा ले गए।अस्पताल में चिकित्सकों ने ऋतिक कुमार को मृत घोषित कर दिया।
वही, शीला देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई।
मां-बेटे की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं
फिलहाल मां-बेटे की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मृतका के पति सुनील मंडल परिवार के भरण-पोषण के लिए हरियाणा में मजदूरी करते हैं।
परिवार का बड़ा पुत्र, जिसकी उम्र लगभग 18 वर्ष है, गांव में रहकर मजदूरी करता है। एक ही दिन मां और छोटे भाई की मौत से बदहवास है। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।