Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    महिला तस्करों के जरिए नेपाल से भारत पहुंच रही थी शराब, पुलिस ने पकड़ा नेटवर्क

    By Amarnath Mahto Edited By: Dharmendra Singh
    Updated: Mon, 18 May 2026 07:02 PM (IST)

    सोनबरसा पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ...और पढ़ें

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। (फोटो-AI)

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। (फोटो-AI)

    HighLights

    1. सोनबरसा पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर की कार्रवाई।

    2. शराब तस्करी में शामिल पांच लोग गिरफ्तार, तीन महिलाएं।

    3. 1500 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद, सीतामढ़ी भेजने की थी तैयारी।

    संवाद सहयोगी, सोनबरसा (सीतामढ़ी) । भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनबरसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

    पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नेपाल से शराब की खेप लेकर आ रहे तस्कर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्करों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

    मौके से 1500 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, शराब को सोनबरसा के लालबंदी मुसहरी टोला में जमा कर बाद में सीतामढ़ी भेजने की तैयारी थी।

    जानकारी के अनुसार, सोनबरसा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार शनिवार की रात गश्ती पर निकले थे। अहले सुबह चिलरा मोड़ के पास पुलिस टीम को सूचना मिली कि पांच-छह तस्कर नेपाल से बोरा और झोले में शराब लेकर जलकुंभी और कीचड़ वाले रास्ते से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे हैं।

    सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के निर्देश पर पुअनि निधि राज, संजय कुमार, महिला सिपाही बबिता कुमारी, सिपाही चंदन कुमार और रामेश्वर राय चांदनी चौक के निकट पहुंचे।

    पुलिस को देखते ही तस्कर शराब छोड़कर भागने लगे। जवानों ने पीछा कर पांच लोगों को दबोच लिया, जबकि कई तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

    गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सीतामढ़ी कोट बाजार वार्ड संख्या-19 निवासी प्रिंस कुमार और शिवा कुमार तथा सोनबरसा लालबंदी मुसहरी टोला निवासी शिवदुलारी देवी, संगीता देवी और रेखा देवी के रूप में हुई है।

    पुलिस ने झोले और बोरे की तलाशी ली तो उसमें से कुल 1500 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई। प्रत्येक बोतल 300 मिलीलीटर की बताई गई है।

    पूछताछ में गिरफ्तार धंधेबाजों ने पुलिस को बताया कि वे नेपाल से शराब लाकर सोनबरसा में जमा करते थे और फिर सीतामढ़ी भेजकर ऊंचे दाम पर बेचते थे। पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।