सीतामढ़ी: कन्हौली पुलिस ने 810 लीटर नेपाली शराब के साथ 3 तस्करों को किया गिरफ्तार, 4 बाइक जब्त
कन्हौली पुलिस ने विशेष अभियान में 810 लीटर नेपाली देसी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान चार मोटरसाइकिलें भी जब्त की ग ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
कन्हौली पुलिस ने 810 लीटर नेपाली शराब पकड़ी।
विशेष छापेमारी में तीन शराब तस्कर गिरफ्तार किए गए।
पुलिस ने चार बिना नंबर प्लेट की बाइक जब्त की।
संवाद सहयोगी, सोनबरसा। कन्हौली थाना पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान के दौरान 810 लीटर नेपाली देसी शराब के साथ तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक पुलिस को चकमा देकर नेपाल की ओर फरार हो गया। कार्रवाई के दौरान बिना नंबर प्लेट की चार बाइक भी जब्त की गईं।
कन्हौली थानाध्यक्ष बीरबल कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम विशेष छापेमारी पर निकली थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मुंहचट्टी गांव में नेपाल से शराब की बड़ी खेप बगहा होते हुए पिपराघाट की ओर ले जाई जा रही है।
पुलिस ने तीनों को दबोच लिया
सूचना के आधार पर पुलिस ने बगहा-पिपराघाट रोड स्थित एक मुर्गी फार्म के पास वाहन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन जल्दबाजी में तीनों बाइक असंतुलित होकर गिर गईं। पुलिस ने तीनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सहियारा थाना क्षेत्र के आमदीपुर निवासी मुकेश कुमार, परसौनी थाना क्षेत्र के पशुरामपुर निवासी रौशन कुमार तथा कन्हौली थाना क्षेत्र के पीपराघाट निवासी बिरेन्द्र सहनी के रूप में हुई है।
612 लीटर शराब जब्त
तलाशी के दौरान मुकेश कुमार के पास से 225 लीटर, रौशन कुमार के पास से 225 लीटर तथा विरेंद्र सहनी के पास से 162 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की गई। तीनों के पास से कुल 612 लीटर शराब जब्त हुई।
इसी दौरान थाना लौटने के क्रम में बगहा ईदगाह के पास पुलिस ने एक और संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस वाहन देखते ही वह बाइक छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गया। उसकी बाइक से 198 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई।
खबरें और भी
810 लीटर शराब बरामद
इस तरह पूरी कार्रवाई में कुल 810 लीटर शराब बरामद की गई। छापेमारी में सिपाही विनय कुमार, मृत्युंजय कुमार, केशव कुमार, मुरलीधर कुमार तथा वाहन चालक गुलशन कुमार शामिल थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।