सीतामढ़ी के 21 आदर्श विद्यालयों में बनेगी विज्ञान प्रयोगशाला, अब लैब में प्रयोग कर सीखेंगे छात्र
Bihar School Education: सीतामढ़ी के 21 आदर्श विद्यालयों में आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी, ताकि छात्र प्रयोग आधारित शिक्षा प्राप्त कर ...और पढ़ें

विद्यार्थियों को किताबों के साथ-साथ प्रयोग आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Science Laboratory: जिले के 21 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालयों) में आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी।
इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबों के साथ-साथ प्रयोग आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे विज्ञान के सिद्धांतों को स्वयं प्रयोग करके बेहतर ढंग से समझ सकें।
बैठक में दिए निर्देश
इसको लेकर गुरुवार को सीतामढ़ी उच्च विद्यालय, डुमरा के सभागार में प्रभारी जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) सुजीत कुमार दास की अध्यक्षता में सभी 21 आदर्श विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और विज्ञान शिक्षकों की बैठक हुई। इसमें विज्ञान प्रयोगशालाओं के अधिष्ठापन और संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपकरणों का होगा सत्यापन
प्रभारी डीईओ ने कहा कि विज्ञान विषय को रुचिकर और व्यवहारिक बनाने में प्रयोगशाला की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने निर्देश दिया कि विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार सभी विद्यालयों में प्रयोगशाला उपकरणों का भौतिक सत्यापन किया जाए और आवश्यकता के अनुरूप उपकरण एवं सामग्री की खरीद कर प्रयोगशालाओं को शीघ्र क्रियाशील बनाया जाए।
हर प्रयोग का बनेगा रिकॉर्ड
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक विद्यालय में विज्ञान शिक्षकों को प्रयोगशाला संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी जाए।
लैब में कराए जाने वाले प्रत्येक प्रयोग तथा उसमें शामिल विद्यार्थियों का तिथि-वार विवरण पंजी में दर्ज किया जाएगा, ताकि सभी गतिविधियों का रिकॉर्ड सुरक्षित रहे।
नियमों के तहत खरीद
डीईओ ने कहा कि प्रयोगशाला के लिए आवश्यक उपकरण और सामग्री की खरीद विद्यालय विकास एवं छात्र कोष की राशि से नियमानुसार की जाए।
खरीद से संबंधित सभी रसीदें और अभिलेख विद्यालय में सुरक्षित रखे जाएं, जिससे भविष्य में जांच के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रोज साझा करनी होगी तस्वीरें
बैठक में निर्देश दिया गया कि प्रधानाध्यापक की अध्यक्षता में विज्ञान शिक्षकों की समिति गठित कर प्रयोगशालाओं का संचालन किया जाए। विज्ञान संबंधी प्रायोगिक गतिविधियों में शामिल विद्यार्थियों की तस्वीर प्रतिदिन जिले के सरस्वती विद्या निकेतन ग्रुप में साझा करनी होगी।
साथ ही पोर्टल के माध्यम से प्रभावी कक्षा संचालन सुनिश्चित करते हुए लाइव कक्षा की तस्वीर भी प्रतिदिन साझा करने के निर्देश दिए गए।
12 अगस्त तक देनी होगी रिपोर्ट
प्रभारी डीईओ ने सरस्वती विद्या निकेतन, सीतामढ़ी के प्रधानाध्यापक को विज्ञान प्रयोगशाला की स्थापना, उपकरणों की खरीद और संचालन से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन 12 अगस्त 2026 तक जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
खबरें और भी
बैठक का संचालन वरीय शिक्षक एसएन झा ने किया। इस दौरान एमपी हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक बैद्यनाथ बैठा, एसआरजी संजय कुमार मधु सहित जिले के सभी 21 आदर्श विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और विज्ञान शिक्षक उपस्थित रहे।