Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सीतामढ़ी में बकाया चाय के पैसे मांगने पर दुकानदार की हत्या, आक्रोशित भीड़ ने किया सड़क जाम

    By Vijay VarmaEdited By: Dharmendra Singh
    Updated: Mon, 03 Aug 2026 06:27 PM (GMT+05:30)

    सीतामढ़ी के पुपरी में बकाया पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने चाय दुकानदार उदय दास की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ...और पढ़ें

    सीतामढ़ी के पुपरी के मधुबनी चौक पर सड़क जाम करते लोग और मौजूद पुलिस पदाधिकारी। जागरण

    सीतामढ़ी के पुपरी के मधुबनी चौक पर सड़क जाम करते लोग और मौजूद पुलिस पदाधिकारी। जागरण

    HighLights

    1. पुपरी में बकाया पैसे को लेकर चाय दुकानदार की हत्या।

    2. आक्रोशित लोगों ने शव के साथ सड़क जाम कर आगजनी की।

    3. पुलिस-प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

    संवाद सहयोगी, जागरण, पुपरी (सीतामढ़ी) । पुपरी थाना क्षेत्र के रामनगर बेदौल पंचायत के मधुबनी चौक पर सोमवार की शाम बकाया रुपये मांगने को लेकर उत्पन्न विवाद में चाय दुकानदार को एक युवक ने दबिया से गला रेत हत्या कर दी।

    घटना से आक्रोशित लोगों ने शव के साथ सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान घटना स्थल के समीप कई दुकानों में आग लगा दी गई।

    सूचना मिलते ही एसडीएम गौरव कुमार, एसडीपीओ सुनीता कुमारी, थानाध्यक्ष राम शंकर कुमार समेत विभिन्न थानों की काफी संख्या पदाधिकारी व पुलिस घटना स्थल पहुंच कर मामले को शांत करने में जुट गए।

    घटना स्थल पर लोग हत्यारे को बुलाने व उसको आन द स्पाट सजा देने की मांग कर रहे थे। बाद में एसपी अमित रंजन भी घटना स्थल पहुंच कर मामले को शांत करने में लग गए। काफी समझाने के बाद लोग शांत हुए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

    शाम 5 बजे शुरू सड़क जाम रात 8 बजे समाप्त हुआ। जानकारी के अनुसार, मधुबनी चौक निवासी मुसहर दास के पुत्र उदय दास (27) चौक पर ही एक लकड़ी के गुमटी में चाय की दुकान चलाता था।

    इसी चौक के मो. जहांगीर का पुत्र आफताब उस दुकान पर चाय पीने जाता था। दो दिनों से उदय व आफताब के बीच चाय के बकाया पैसे को लेकर विवाद चल रहा था।

    इसी क्रम में सोमवार की शाम करीब 4.30 बजे आफताब दुकान पर पहुंचा और दुकानदार से उलझ गया। बातचीत के क्रम में ही उसने पास रखा धारदार दबिया निकाल कर उदय के गर्दन पर वार कर दिया। जिसके बाद हल्ला होते ही आसपास के लोग पहुंच गए।

    जहां गंभीर रूप से जख्मी चाय दुकानदार को पीएचसी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ पिटाई करने लगे, लेकिन वह किसी तरह भाग निकला।

    हालांकि ग्रामीणों ने डायल 112 पुलिस पर युवक को पकड़ कर ले जाने की बात कह रहे थे। घटना के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

    आक्रोशित लोगों ने शव को बीच सड़क पर रख पुपरी-सुरसंड पथ को बांस-बल्ला से जाम कर बबाल काटने लगे। इस दौरान घटना स्थल के समीप कई दुकानों में आग लगा दी गई।

    घटना स्थल पर कई थानों की पुलिस की तैनाती कर दी गई। एसपी के समझाने व आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के बाद तीन घंटे बाद जाम समाप्त हो सका।

    एसपी अमित रंजन ने बताया कि लोगों को समझा-बुझा कर जाम समाप्त करा दिया गया है। आरोपित युवक भी गंभीर रूप से जख्मी है। उसे बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेजा गया है। घटना स्थल पर पुलिस तैनात है।

    खबरें और भी