स्केटिंग के पहियों पर भारत दर्शन, सीतामढ़ी के रजनीश-जयप्रकाश तय करेंगे 20000 KM का सफर
सीतामढ़ी के रजनीश देविश और जयप्रकाश कुमार ने स्केटिंग करते हुए 20 हजार किलोमीटर से अधिक की अखिल भारतीय यात्रा शुरू की है। यह यात्रा युवाओं को फिटनेस, ...और पढ़ें

सीतामढ़ी के रजनीश-जयप्रकाश तय करेंगे 20000 KM का सफर
HighLights
सीतामढ़ी के दो युवा 20 हजार किमी स्केटिंग यात्रा पर।
यात्रा का उद्देश्य फिटनेस और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना।
चारों धाम, 12 ज्योतिर्लिंगों सहित कई स्थलों का भ्रमण।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। हौसलों की उड़ान और जुनून के पहियों पर जिले के दो युवा देश की अनोखी यात्रा पर निकल पड़े हैं। माता सीता की धरती से रजनीश देवीश और उनके दोस्त जयप्रकाश कुमार ने स्केटिंग करते हुए 20 हजार किलोमीटर से अधिक लंबी ऑल इंडिया यात्रा शुरू की है। दोनों युवा इस रोमांचक सफर को करीब दो वर्षों में पूरा करेंगे।
इस भारत दर्शन यात्रा के दौरान दोनों स्केटर्स देश के चारों धाम, 12 ज्योतिर्लिंगों सहित कई प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। यात्रा का उद्देश्य सिर्फ रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि युवाओं को फिटनेस, आत्मविश्वास, मेहनत और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।
सीतामढ़ी से शुरू हुई यह अनोखी स्केटिंग यात्रा न सिर्फ जिले का नाम रोशन करने का प्रयास है, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने की एक पहल भी है।
किसान परिवार से निकलकर बनाया बड़ा लक्ष्य
21 वर्षीय रजनीश देविश एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने जुनून को कभी कम नहीं होने दिया। रजनीश का कहना है कि परिवार के प्रोत्साहन और अपनी मेहनत के बल पर वह इस कठिन सफर को पूरा करने का संकल्प लेकर निकले हैं।
हर पड़ाव की कहानी होगी साझा
रजनीश अपनी यात्रा के हर महत्वपूर्ण पल और अनुभव को अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से लोगों तक पहुंचाएंगे। इसके जरिए लोग उनके सफर, स्केटिंग और यात्रा से जुड़े अनुभवों को देख सकेंगे। यात्रा के दौरान दोनों युवा पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और आत्मनिर्भरता का संदेश देंगे।
खबरें और भी
उनका मानना है कि छोटे शहरों और सामान्य परिवारों से आने वाले युवा भी बड़े सपने देख सकते हैं और दृढ़ संकल्प के साथ उन्हें पूरा कर सकते हैं।