Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फरीदाबाद की कारोबारी रंजिश में सीतामढ़ी के युवक की हत्या, विरोध में भारत-नेपाल एनएच 5 घंटे जाम

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 02:25 PM (GMT+05:30)

    Sitamarhi Crime: सीतामढ़ी में फरीदाबाद की सब्जी कारोबार की रंजिश में एक युवक की हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने भारत-नेपाल राष्ट्रीय राजमार्ग-227 ...और पढ़ें

    HighLights

    1. फरीदाबाद की सब्जी कारोबार रंजिश में युवक की हत्या।

    2. शव रखकर भारत-नेपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पांच घंटे जाम।

    3. नौ नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी का पुलिस का आश्वासन।

    जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Crime: हरियाणा के फरीदाबाद में सब्जी कारोबार को लेकर चली आ रही रंजिश का खूनी अंजाम सीतामढ़ी में देखने को मिला। सुरसंड प्रखंड के नेपाल सीमावर्ती भिट्ठा थाना क्षेत्र के हनुमाननगर गोट निवासी 25 वर्षीय अब्दुल कादिर राइन की इलाज के दौरान मौत के बाद रविवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। 

    Sitamarhi news

    सैकड़ों महिला-पुरुषों ने भारत-नेपाल राष्ट्रीय राजमार्ग-227 पर शव रखकर करीब पांच घंटे तक जाम लगाया और आगजनी कर जोरदार प्रदर्शन किया। पटना के मैक्स अस्पताल में शनिवार को अब्दुल कादिर की मौत के बाद रविवार सुबह शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल बन गया।

    प्रदर्शनकारियों ने रामबाग के पास एंबुलेंस से शव उतारकर सड़क पर रख दिया और टायर जलाकर विरोध शुरू कर दिया। सुबह करीब 8:30 बजे से दोपहर एक बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बाधित रहा।

    नाश्ते के बहाने बुलाकर किया गया हमला

    परिजनों के अनुसार, 26 जून को मुहर्रम के दिन गांव के ही एक परिचित ने अब्दुल कादिर को फोन कर शबाना पोखर के पास नाश्ता करने के लिए बुलाया था।

    वह जैसे ही बाइक से वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए हथियारबंद लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। खून से लथपथ हालत में ग्रामीणों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

    Sitamarhi news 1

    वहां से उसे पहले सीतामढ़ी सदर अस्पताल, फिर एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर किया गया। हालत गंभीर रहने पर परिजन उसे पटना के मैक्स अस्पताल ले गए, जहां 4 जुलाई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

    फरीदाबाद की मंडी में विवाद

    मृतक के पिता मौलाना कासिम राइन ने आरोप लगाया कि हत्या के पीछे व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा है। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र और आरोपित हरियाणा के फरीदाबाद स्थित डबुआ मंडी में सब्जी का कारोबार करते थे। अब्दुल कादिर की दुकान पर ग्राहकों की अधिक भीड़ होने से आरोपित उससे ईर्ष्या रखते थे।

    उन्होंने बताया कि घटना से एक दिन पहले दोनों पक्षों के बीच इसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसे स्थानीय लोगों ने शांत करा दिया था। इसके अगले दिन सुनियोजित तरीके से बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया गया।

    खबरें और भी

    नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला

    मृतक के पिता की लिखित शिकायत पर सुरसंड थाने में गांव के ही रब्बानी राइन उर्फ भकुरा, अरमान राइन, कलाम राइन, कलाम दर्जी, सबीर राइन, सलामत राइन, हसनैन राइन, अब्दुल मन्नान राइन और गुलाम शाह समेत नौ लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

    डीएम और एसपी को बुलाने की मांग

    सड़क जाम की सूचना मिलते ही सर्किल इंस्पेक्टर परशुराम सिंह, सुरसंड थानाध्यक्ष लाल किशोर गुप्ता, भिट्ठा थानाध्यक्ष दीपक पटेल समेत कई थानों की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। इसके बावजूद ग्रामीण जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।

    एडिशनल एसपी ने दिया आश्वासन

    करीब एक बजे एडिशनल एसपी सह डीएसपी सुनीता कुमारी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सभी नामजद आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। यदि आरोपित फरार रहते हैं तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।

    अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त किया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया।