Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिवान: 1 अगस्त से 1 सितंबर तक बदले रूट से चलेंगे वाहन, बैरिकेडिंग और पुलिस बल की रहेगी तैनाती

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 02:32 PM (IST)

    सिवान के बड़हरिया बाजार में यातायात जाम से निजात पाने के लिए जिला प्रशासन ने 1 अगस्त से 1 सितंबर तक नया रूट प्लान लागू किया है। ...और पढ़ें

    1 अगस्त से 1 सितंबर तक बदले रूट से चलेंगे वाहन (AI Generated Image)

    1 अगस्त से 1 सितंबर तक बदले रूट से चलेंगे वाहन (AI Generated Image)

    HighLights

    1. बड़हरिया बाजार में यातायात जाम से मिलेगी राहत।

    2. एक अगस्त से एक सितंबर तक नया रूट प्लान लागू।

    3. गोपालगंज, बरौली, तरवारा, जामो मार्गों पर बदलाव।

    जागरण संवाददाता, सिवान। बड़हरिया बाजार में लगातार लगने वाले यातायात जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने एक माह के लिए नया रूट प्लान लागू करने का निर्णय लिया है।

    जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा-115 के तहत आगामी एक अगस्त से एक सितंबर तक चिह्नित मार्गों पर नए यातायात प्रबंधन के अनुसार वाहनों के परिचालन का आदेश जारी किया है।

    नई व्यवस्था के तहत गोपालगंज एवं बरौली की ओर से आने वाले सभी वाहन जामो और तरवारा मार्ग होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।

    वहीं, तरवारा एवं जामो की ओर से गोपालगंज, सिवान और बरौली जाने वाले सभी वाहनों को पोस्ट ऑफिस रोड होते हुए थाना चौक मार्ग से गुजरना होगा। प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से बड़हरिया बाजार के मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा और आवागमन अधिक सुचारु हो सकेगा।

    नए रूट प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश:

    जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष तथा नगर पंचायत बड़हरिया के कार्यपालक पदाधिकारी को नए रूट प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

    आवश्यकता के अनुसार प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर विधि-व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।

    बैरिकेडिंग स्थलों पर लगाए जाएंगे पोस्टर, बैनर और सांकेतिक बोर्ड:

    नगर पंचायत को बैरिकेडिंग स्थलों पर पोस्टर, बैनर और सांकेतिक बोर्ड लगाने का निर्देश भी दिया गया है, ताकि आम नागरिकों और वाहन चालकों को नई यातायात व्यवस्था की स्पष्ट जानकारी मिल सके।

    जिला प्रशासन ने लोगों से निर्धारित रूट प्लान का पालन करने तथा यातायात पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि बड़हरिया बाजार में जाम की समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।