बिहार सिपाही परीक्षा में हाईटेक नकल का भंडाफोड़, सिवान में ब्लूटूथ और वॉकी-टॉकी से चीटिंग करने वाले गिरफ्तार
सिवान में बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ और वॉकी-टॉकी से नकल करते हुए एक परीक्षार्थी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। इस हाई-टेक ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
सिवान में सिपाही भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल पकड़ी गई।
ब्लूटूथ और वॉकी-टॉकी का उपयोग कर रहे थे परीक्षार्थी।
एक परीक्षार्थी और सहयोगी गिरफ्तार, सीआरपीएफ जवान फरार।
जागरण टीम, सिवान। जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सूरापुर स्थित आरएस पब्लिक स्कूल में 28 जून को आयोजित सिपाही लिखित परीक्षा में ब्लूटूथ व वाकीटाकी की मदद से परीक्षा देकर निकले एक युवक को उसके सहयोगी के साथ पुलिस ने सिवान जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया, जबकि इनका एक अन्य सहयोगी सीआरपीएफ का जवान फरार होने में सफल रहा।
दोनों युवकों से दो दिनों तक पूछताछ के बाद पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी में नवादा जिला के हिसुआ थाना क्षेत्र के मनमा निवासी कुंदन कुमार व नरहट थाना क्षेत्र के गंगटा निवासी नीतीश कुमार शामिल है।
जबकि फरार सीआरपीएफ जवान सह नवादा जिला के हिसुआ थाना क्षेत्र के बढ़ौना निवासी अनीश कुमार उर्फ रोशन कुमार उर्फ फोट्टी है। पुलिस ने दोनों युवकों के पास से कुछ तकनीकी डिवाइस बरामद किया है। इस संबंध में हुसैनगंज थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह ने प्राथमिकी कराई है।
पुलिस की प्राथमिकी के अनुसार 28 जून को भभुआ थानाध्यक्ष (जिला कैमुर) ने फोन के माध्यम से सूचना देकर हुसैनगंज थानाध्यक्ष को बताया कि कैमूर जिला में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा के पंडित देयनाथ पांडेय इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय बारे भभुआ केंद्र पर नवादा जिला के पकरीवरान थाना क्षेत्र के देउरा निवासी पुरुषोतम कुमार नाम का युवक को दो मोबाइल, एक वाकीटाकी के साथ पकड़ा गया है।
खबरें और भी
युवक ने पूछताछ में बताया कि मेरा छोटा भाई पिंकू कुमार इसी सेंटर पर परीक्षा दे रहा है। उसके पास भी इलेक्ट्रानिक डिवाइस (ब्लुटूथ) है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने सिवान में परीक्षा दे रहे छात्र का नाम बताया। इसके बाद कुंदन और नीतीश के मोबाइल को ट्रेस कर सिवान जंक्शन से गिरफ्तार किया गया।
केंद्र के बाहर से कुंदन कर रहा था नीतीश की मदद, सीआरपीएफ जवान ने उपलब्ध कराए डिवाइस
पूछताछ के क्रम में कुंदन और नीतीश ने पुलिस को बताया कि इस फर्जीवाड़े का साजिशकर्ता अनीश कुमार उर्फ रोशन कुमार उर्फ फोट्टी है, जो सीआरपीएफ में नौकरी करता है। उसके द्वारा ही सभी सामान (डिवाइस) उपलब्ध कराया गया है। ॉ
नीतीश की तलाशी ली गई तो उसके पास से एक मोबाइल, दो उजले रंग के पेपर से चिपकाया हुआ डिवाइस जिसपर टी 27 अंकित है एवं नीतीश कुमार का सिपाही भर्ती का एडमिट कार्ड जिसपर रौल अंकित है बरामद किया गया। कुंदन कुमार के पास से एक गहरे हरे रंग का और काले रंग का इयरफोन, तीन काले रंग की वाकीटाकी बरामद हुई।
हिसुआ में तीनों से हुई थी मुलाकात ,10 लाख में हुई थी डील
गिरफ्तार नीतीश कुमार एवं कुंदन कुमार ने बताया कि 28 जून को हिसुआ हाई स्कूल के मैदान में अनीश कुमार उर्फ रौशन कुमार उर्फ फोट्टी से मुलाकात हुई थी, जहां उसके द्वारा बताया गया कि सिपाही भर्ती परीक्षा पास करवाने के लिए दस लाख रुपये देने होंगे।
अनीश कुमार उर्फ रौशन ने बताया कि वह सीआरपीएफ में नौकरी करता है तथा परीक्षा के समय हमेशा छुट्टी लेकर घर आ जाता है। परीक्षा में सेटिंग का काम करता है। पूछताछ में ही बताया कि 27 जून को मेरे साथ कुंदन कुमार को वाकीटाकी एवं ब्लूटूथ एवं अन्य सामान के साथ सिवान भेजा गया।
28 जून को आरएस पब्लिक स्कूल सूरापुर सिवान में उपकरण छिपाकर लेकर चला गया। परीक्षा के दौरान मुझे बाहर से वाकीटाकी से कुंदन कुमार सहयोग कर रहा था।
12:30 में प्रश्न पत्र का उत्तर भेजा, फिर शुरू हुई
नीतीश ने बताया कि अनीश कुमार उर्फ रोशन द्वारा अपने मोबाइल पर करीब 12:30 बजे प्रश्न पत्र का उत्तर वाहट्सएप पर भेजा गया। नीतीश ने बताया कि अन्य जिला में भी अनीश कुमार उर्फ रोशन द्वारा सिपाही भर्ती परीक्षा में सेटिंग का काम किया गया है।
परीक्षा केंद्रों में जांच के दौरान चूक
इलेक्ट्रानिक डिवाइस लेकर परीक्षार्थी का केंद्र के अंदर प्रवेश करना और जांच में नहीं पकड़ाना बड़ी चूक को उजागर करता है। वहीं एक परीक्षार्थी की गिरफ्तारी से अब कई प्रश्न भी बाहर आ रहे हैं। इसको लेकर पुलिस कुछ भी विशेष बताने से कतरा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच चल रही है।
जांच चल रही है। पुलिस अपनी रिपोर्ट आयोग को भेजेगी और अनशुंसा करेगी कि आरोपित परीक्षार्थी नीतीश कुमार का परिणाम जारी नहीं हो। -पूरन कुमार झा, एसपी सिवान