सिवान में व्यापार और निवेश को मिलेगी नई रफ्तार, DIC बनेगा इन्वेस्टर्स का सिंगल पॉइंट ऑफ कॉन्टेक्ट
सिवान में व्यापार और निवेश को सुगम बनाने के लिए डिस्ट्रिक्ट बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान 2025 की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में निवेशकों के लिए जिला उद्योग ...और पढ़ें

DIC बनेगा इन्वेस्टर्स का सिंगल पॉइंट ऑफ कॉन्टेक्ट
HighLights
व्यापार और निवेश सुगमता पर डिस्ट्रिक्ट बिजनेस रिफॉर्म प्लान की समीक्षा।
जिला उद्योग केंद्र (DIC) निवेशकों के लिए एकल संपर्क केंद्र बनेगा।
सभी 46 सेवाएं ऑनलाइन, समयबद्ध निरीक्षण और डीम्ड अप्रूवल लागू।
जागरण संवाददाता, सिवान। जिले में व्यापार और निवेश को सुगम बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान 2025 के क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने व्यापारिक सुधारों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान जिला उद्योग केंद्र को निवेशकों के लिए सिंगल पॉइंट ऑफ कांटेक्ट के रूप में विकसित करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक विवेक कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग, भारत सरकार की यह राज्य संचालित पहल जिला स्तर पर व्यापार से जुड़ी सभी अनुमतियों, लाइसेंसों और सेवाओं को पारदर्शी, समयबद्ध और ऑनलाइन बनाने पर केंद्रित है।
इसके बाद डीडीसी अमिताभ सिंह ने 46 सेवाओं और 154 सुधारों पर आधारित प्रस्तुति देते हुए समयबद्ध निरीक्षण प्रणाली, संपत्तियों के डिजिटलीकरण, निवेश प्रोत्साहन तथा जिला व राज्य स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी।
वहीं, डीएम ने लाइसेंस और अनापत्ति प्रमाण-पत्रों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए सभी विभागों को अपनी अंतिम कार्ययोजना शीघ्र महाप्रबंधक को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी 46 सेवाएं स्टेट सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से आनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी तथा प्रत्येक निरीक्षण की रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
बैठक के अंत में डीम्ड अप्रूवल व्यवस्था को सख्ती से लागू करने, सभी विभागों में नोडल अधिकारी नामित करने और विभागीय कार्ययोजनाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।