Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 15 सितंबर तक मिलेगा मौका

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 05:07 PM (IST)

    सिवान जिले के पात्र छात्र-छात्राओं के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। विद्यार्थी मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति, अनुसूच ...और पढ़ें

    बिहार में पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू (AI Generated Image)

    बिहार में पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू (AI Generated Image)

    HighLights

    1. पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू।

    2. आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित।

    3. संस्थानों का पंजीकरण 25 अगस्त तक होगा।

    जागरण संवाददाता, सिवान। जिले के पात्र छात्र-छात्राओं के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के तहत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

    मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना तथा मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत विद्यार्थी 15 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे।

    जारी निर्देश के अनुसार, जिले के सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों, सरकारी व निजी आईटीआई, पालिटेक्निक, इंजीनियरिंग, नर्सिंग, बीएड और डीएलएड कॉलेजों को पात्र विद्यार्थियों से समय पर आवेदन कराने का निर्देश दिया गया है।

    संस्थानों के प्रधानाचार्य और नोडल पदाधिकारी विद्यार्थियों को योजना की जानकारी देने, पात्रता की जांच करने और आवेदन में सहयोग करेंगे।

    पोर्टल पर शिक्षण संस्थानों का पंजीकरण 25 अगस्त तक:

    पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल पर शिक्षण संस्थानों का पंजीकरण 25 अगस्त तक किया जाएगा। इसके बाद नए संस्थानों का पंजीकरण और आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। संस्थानों को तय समय में छात्र आवेदनों का सत्यापन भी पूरा करना होगा।

    आवेदन के लिए आधार का डीबीटी से जुड़े बैंक खाते में सीडिंग होना अनिवार्य है। इसके बिना आवेदन फाइनल नहीं होगा। विद्यार्थियों को आवासीय, आय और जाति प्रमाण पत्र के साथ शैक्षणिक दस्तावेज जमा करने होंगे। आय प्रमाण पत्र एक अप्रैल 2026 या उसके बाद का होना चाहिए।

    15 दिनों के अंदर सुधार नहीं करने पर आवेदन स्वतः हो जाएगा रद:

    आवेदन में गलती मिलने पर सुधार के लिए तीन अवसर दिए जाएंगे। डिफेक्ट मिलने के 15 दिनों के अंदर सुधार नहीं करने पर आवेदन स्वतः रद हो जाएगा। सत्यापन पूरा होने के बाद ही छात्रवृत्ति राशि जारी की जाएगी।