सिवान में प्रेमी के साथ रहने की जिद में हाईवोल्टेज ड्रामा; बिजली टावर पर चढ़ी दो बच्चों की मां
सिवान के भगवानपुर हाट में एक महिला प्रेमी के साथ रहने की जिद में हाईवोल्टेज टावर पर चढ़ गई, जिससे अफरातफरी मच गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद महिला को ...और पढ़ें
HighLights
महिला प्रेमी के साथ रहने की जिद में टावर पर चढ़ी।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित उतारा।
पति ने पत्नी से जान का खतरा बताया, बच्चों को पालेगा।
संवाद सूत्र, भगवानपुर हाट (सिवान)। भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के सारीपट्टी गांव के समीप बुधवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब दो बच्चों की मां चार लाख वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइन के टावर पर चढ़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दर्जनों गांवों के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत और समझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
गोपालगंज में है महिला का ससुराल
महिला की पहचान गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिरसा गांव निवासी दीपक मांझी की पत्नी मूरत देवी के रूप में हुई है। उसका मायका भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के सहसराव गांव में है।
पति दीपक मांझी अपने पांच वर्षीय और तीन वर्षीय पुत्र को लेकर मौके पर पहुंचा था। दोनों मासूम बच्चों ने रो-रोकर मां से नीचे उतरने की गुहार लगाई। बच्चों की पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
पहले भी प्रेमी के साथ हो चुकी है फरार
पति ने बताया कि उसकी पत्नी पहले भी कथित प्रेमी के साथ घर छोड़कर जा चुकी है। काफी प्रयास के बाद उसे वापस लाया गया था, लेकिन बाद में वह फिर घर से आभूषण और नकदी लेकर चली गई।
बुधवार को वह भगवानपुर गांव स्थित एक रिश्तेदार के यहां पहुंची थी, जहां से वह टावर पर चढ़ गई। पति का यह भी कहना है कि प्रेमी के साथ रहने की जिद में महिला पहले अपने हाथ की नस भी काट चुकी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया है। विद्युत विभाग की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पति ने अपने ही पत्नी से अपने जान को खतरा बताते हुए कहा कि वह लिखित रूप में चली जाए। वह अपने बच्चों के साथ रह लेगा।