Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सुपौल में समीक्षा बैठक के अगले ही दिन गरजा बुलडोजर, सड़कों से हटाया अवैध कब्जा; दुकानदारों में हड़कंप

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 04:15 PM (IST)

    सुपौल के वीरपुर में समीक्षा बैठक के अगले ही दिन प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, जिसमें सड़कों से अवैध कब्जे हटाए गए। ...और पढ़ें

    सड़कों से हटाया अवैध कब्जा

    सड़कों से हटाया अवैध कब्जा

    HighLights

    1. वीरपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

    2. समीक्षा बैठक के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की।

    3. अवैध ढांचे और सड़क किनारे के कब्जे हटाए गए।

    संवाद सहयोगी, वीरपुर (सुपौल)। मंगलवार की संध्या अनुमंडल कार्यालय में नगर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, विशेषकर अतिक्रमण और जाम की समस्या को लेकर हुई समीक्षा बैठक के अगले ही दिन बुधवार को वीरपुर में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। 

    अनुमंडल प्रशासन, नगर पंचायत, अंचल प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने एक्सकेवेटर की सहायता से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की। इसके बाजार में सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। 

    कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी 

    अभियान के दौरान सड़क पर लगाए गए अस्थायी ढांचे, टीन-शेड, दुकान के आगे किए गए अतिक्रमण तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अवैध निर्माणों को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, जबकि कई दुकानदारों ने स्वयं भी अपना सामान हटाया। 

    अभियान के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार कर रहे थे। उनके साथ बसंतपुर के अंचलाधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह, नगर कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षि रंजन, नगर पंचायत के अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। 

    अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं 

    एसडीएम ने कहा कि मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि नगर क्षेत्र में अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण के कारण आम लोगों को प्रतिदिन जाम और आवागमन की समस्या से जूझना पड़ता है। 

    खबरें और भी

    प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि आगे भी नियमित रूप से चलाया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति दोबारा सरकारी भूमि या सड़क पर अवैध कब्जा करता है तो उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। 

    स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील 

    अंचलाधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि सरकारी भूमि एवं सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। पूर्व में भी लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की गई थी, लेकिन निर्देशों की अनदेखी किए जाने के बाद प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी। 

    उन्होंने कहा कि नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों एवं दुकानदारों से अपील की कि वे सड़क और सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर और जाममुक्त बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। 

    अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगरवासियों की सुविधा और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।