भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए बढ़ेगी निगरानी, डीआईजी ने किया निरीक्षण
डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने भीमनगर में इंडो-नेपाल सीमा सुरक्षा का जायजा लिया और एसएसबी अधिकारियों संग बैठक की। बैठक में तस्करी, अवैध गतिविधियों पर अंकुश ...और पढ़ें

भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए बढ़ेगी निगरानी, डीआईजी ने किया निरीक्षण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, वीरपुर (सुपौल)। कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने रविवार को भीमनगर के इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र का दौरा कर सीमा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एसएसबी 45वीं वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा तस्करी रोकने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में सीमा क्षेत्र में होने वाली तस्करी, अवैध आवाजाही, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम को लेकर संयुक्त रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया। डीआईजी ने कहा कि भारत-नेपाल की खुली सीमा को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित सूचना आदान-प्रदान अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने पुलिस एवं एसएसबी अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ सतर्कता बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सीमा क्षेत्र में गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा आधुनिक तकनीकों का अधिक से अधिक उपयोग करने पर बल दिया।
सीमावर्ती थानों एवं एसएसबी के बीच समन्वय स्थापित कर अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए। बैठक के उपरांत डीआईजी ने एसएसबी द्वारा स्थापित थर्मल स्कैनर प्वाइंट का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध उपकरणों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा जवानों से सीमा निगरानी के दौरान आने वाली चुनौतियों के संबंध में बातचीत की।
खबरें और भी
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थर्मल स्कैनर जैसी आधुनिक तकनीक को सीमा सुरक्षा के लिए उपयोगी बताते हुए इसके प्रभावी संचालन पर जोर दिया।
डीआईजी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस और एसएसबी की संयुक्त जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों को पूरी सतर्कता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि संयुक्त प्रयासों से सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराध एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
इस मौके पर एसएसबी 45वीं वाहिनी वीरपुर के कमाडेंट गौरव सिंह, सेकंड इन कमान जगदीश कुमार शर्मा, डिप्टी कमाडेंट सौरव सुमन, एसडीपीओ वीरपुर सुरेंद्र कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी, वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास, भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।