CM नीतीश की सुपौल यात्रा : बिहार में सियासी बदलाव पर चुप्पी, शिलान्यास और उद्घाटन करने पहुंचे 'सुशासन बाबू'
बिहार में सत्ता परिवर्तन की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुपौल के निर्मली में 569.36 करोड़ रुपये की 213 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिल ...और पढ़ें

सुपौल के निर्मली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों को संबोधित किया।
जागरण संवाददाता, सुपौल। बिहार में सत्ता परिवर्तन की चर्चा के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 मार्च को समृद्धि यात्रा के तहत सुपौल जिले के निर्मली पहुंचे। उनका कार्यक्रम प्रशासनिक रूप से पहले से तय था, लेकिन आम जनता और पार्टी कार्यकर्ता उत्सुक थे कि मुख्यमंत्री राज्य की राजनीति और आगामी भविष्य पर क्या विचार रखेंगे। खासकर यह चर्चा थी कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, निशांत कुमार की भूमिका क्या होगी और भाजपा-एनडीए गठबंधन पर इसका क्या असर पड़ेगा।
हालांकि मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर ही ध्यान केंद्रित किया। कार्यक्रम में पहुंचे जदयू नेता और कार्यकर्ता इस बात से दुखी थे कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जा रहे हैं। स्थानीय कार्यकर्ता अभी भी उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं और निशांत को भी पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाते देखना चाहते हैं।

निर्मली में विकास योजनाओं का उद्घाटन
निर्मली में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जिले के 213 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं की कुल लागत लगभग 569.36 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि बिहार का विकास लगातार हो रहा है और यह पिछले दशकों के सुधारों का प्रतिफल है।
पिछली सरकारों की तुलना
मुख्यमंत्री ने 24 नवंबर 2005 से एनडीए सरकार के गठन और उसके बाद किए गए सुधारों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पहले की स्थिति बहुत खराब थी। शाम के बाद लोग घर से बाहर नहीं निकलते थे, शिक्षा का स्तर कम था, स्वास्थ्य सेवाएं असंगठित थीं और सड़कें टूटी-फूटी थीं। आज राज्य में कानून का राज, भाईचारा, प्रेम और शांति कायम है।
खबरें और भी
नीतीश कुमार ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में स्कूल खोले गए, शिक्षकों का नियोजन हुआ, पोशाक एवं साइकिल योजनाएं चलाई गईं और 2023 में बीपीएससी से शिक्षक बहाली की गई। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और केंद्र से मिलने वाली सहायता ने राज्य के विकास को गति दी है।
बिहार का भविष्य और विकास योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार और अधिक विकसित होगा और देश के शीर्ष राज्यों में शामिल होगा। केंद्र के सहयोग से राज्य और केंद्र के साझे प्रयास से विकास की गति और तेज होगी।
उपमुख्यमंत्री और सहयोगियों का संदेश
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभा में आश्वस्त किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे। वहीं विजय चौधरी ने कहा कि राज्यसभा जाने का फैसला मुख्यमंत्री ने बिहार और बिहारवासियों की सेवा के लिए लिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नीतीश कुमार बिहार और उसके लोगों से कभी अलग नहीं रहेंगे और उनकी प्रतिबद्धता अटूट है।