सुपौल में समृद्धि यात्रा के दौरान CM नीतीश के बारे में कुछ ऐसा बोले सम्राट चौधरी, सभा में बज उठीं तालियां
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है और सुपौल से समृद्धि यात्रा शुरू की। इस दौरान उन्होंने सत्ता परिवर्तन या उत्तराधिका ...और पढ़ें

सत्ता बदलाव की चर्चा के बीच समृद्धि यात्रा में सम्राट बोले- नीतीश के नेतृत्व में ही होगा काम, गूंज उठीं तालियां
HighLights
नीतीश कुमार राज्यसभा जाने की प्रक्रिया में।
सम्राट चौधरी ने नीतीश के नेतृत्व पर भरोसा दिलाया।
सुपौल से समृद्धि यात्रा का हुआ शुभारंभ।
जागरण संवाददाता, सुपौल। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट कर दिया है कि वह मुख्यमंत्री पद छोड़कर अब राज्यसभा जाएंगे। इसके लिए उन्होंने नामांकन प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। इसी बीच मंगलवार से उन्होंने सुपौल से समृद्धि यात्रा की शुरुआत की। सीमांचल के इस जिले में उनकी यात्रा पर सभी की निगाहें टिकी थीं, यह देखने के लिए कि मुख्यमंत्री सत्ता परिवर्तन पर क्या संकेत देंगे, कब इस्तीफा देंगे और किसे उत्तराधिकारी घोषित करेंगे।
सभा में मुख्य फोकस: उपलब्धियां और विकास
सुपौल में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सत्ता परिवर्तन या उत्तराधिकारी से जुड़े सवालों पर कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने अपने दो दशक के कार्यकाल की उपलब्धियों पर ध्यान केंद्रित किया और राजद सरकार के दौरान बिहार की अराजक स्थिति पर तीखा प्रहार किया। सभा में उन्होंने विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार की विस्तार से जानकारी दी।
डिप्टी सीएम ने भरोसा दिलाया
सत्ता परिवर्तन पर नीतीश कुमार की खामोशी के बीच डिप्टी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभा में उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा, “एनडीए की ओर से यह भरोसा दिया जाता है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व और निर्देशन में बिहार में काम होता रहेगा।” संभावित मुख्यमंत्री प्रत्याशियों में से किसी के इस बयान ने भीड़ में उत्साह बढ़ा दिया और लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं।
भीड़ में शामिल लोगों ने कहा कि नीतीश कुमार का सम्मान बना रहना चाहिए, और उनके नेतृत्व में राज्य की स्थिरता बनी रहे। लोगों ने माना कि मुख्यमंत्री ने बिहार के लिए काफी काम किया है और यदि एनडीए उनके सम्मान की गारंटी दे रही है, तो यही पर्याप्त है।
खबरें और भी
वरिष्ठ नेताओं ने भी जताया विश्वास
जदयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने भी सभा में उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री राज्यसभा जा रहे हैं, लेकिन बिहार और बिहारवासियों से कभी अलग नहीं होंगे। उन्होंने कहा, “हमें आदत पड़ी है आपके नेतृत्व की। बिहार सरकार और बिहार के लोग आपसे अलग नहीं होंगे। आपने यह वादा किया है और इसे निभाएंगे।”
सभा में मौजूद लोगों ने नेताओं के इस आश्वासन को स्वागत किया और कहा कि मुख्यमंत्री के सम्मान और मार्गदर्शन में बिहार का विकास निरंतर जारी रहेगा। सुपौल से शुरू हुई यह समृद्धि यात्रा इस समय सीमांचल में राजनीतिक और विकास दोनों ही दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।