Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सुपौल में सड़क हादसे में 4 साल के मासूम की मौत, मुआवजे में 1 बीघा जमीन की मांग; आरोपी के घर पर रखा शव

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 06:52 AM (IST)

    त्रिवेणीगंज में सड़क दुर्घटना में 4 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े हैं और शव को कथित आरोपित के घर पर रखा है, जि ...और पढ़ें

    विलाप करते स्वजन। (जागरण)

    विलाप करते स्वजन। (जागरण)

    HighLights

    1. त्रिवेणीगंज में सड़क हादसे में 4 वर्षीय मासूम की मौत।

    2. परिजनों ने आरोपित के घर शव रखकर मुआवजा मांगा।

    3. पुलिस समझाने में जुटी, कानूनी कार्रवाई लंबित है।

    संवाद सूत्र, त्रिवेणीगंज (सुपौल)। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 1 स्थित कुपड़िया में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी हुए 4 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई।

    मृतक के स्वजन बुधवार की रात से शव को कथित आरोपित के घर पर रखकर मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। इस कारण न तो शव का पोस्टमार्टम हो सका है और न ही पुलिस कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पा रही है।

    एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। मृतक चंदन यादव का चार वर्षीय पुत्र दुर्लभ कुमार था। स्वजन का कहना है कि बुधवार की दोपहर दुर्लभ अपने घर के सामने सड़क किनारे खड़ा था।

    इसी दौरान भेंगा धार की ओर से गांव के ही अरुण यादव का पुत्र छोटू तेज रफ्तार बाइक से आ रहा था। आरोप है कि बाइक अनियंत्रित होकर दुर्लभ की छाती में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

    घटना के बाद स्वजन उसे अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां से रेफर के बाद उसे सुपौल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां भी हालत गंभीर रहने पर डॉक्टरों ने उसे दरभंगा रेफर कर दिया।

    स्वजन का कहना है कि दरभंगा ले जाने के दौरान रास्ते में ही दुर्लभ की मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित स्वजन ने रात में ही कथित आरोपित के घर पर शव रख दिया।

    उनका कहना है कि दुर्लभ परिवार का इकलौता वारिस था। उसकी मां उषा देवी का करीब एक माह पूर्व ऑपरेशन हुआ जिसके कारण अब वह दोबारा मां भी नहीं बन सकती हैं।

    1 बीघा जमीन की मांग

    स्वजन का कहना है कि जब तक आरोपित की ओर से एक बीघा जमीन नहीं दी जाएगी, तब तक वे शव वहां से नहीं हटाएंगे और न ही पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए शव सौंपेंगे।

    खबरें और भी

    घटना की जानकारी बाद मृतक के पिता चंदन यादव दिल्ली से गांव पहुंच गए। पुलिस स्वजन को समझाने का प्रयास कर रही थी लेकिन समाचार भेजे जाने तक कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके चलते शव का पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई लंबित है।

    वहीं, कथित आरोपित के दादा परमेश्वरी यादव ने बताया कि उनके पोते पर दुर्घटना का आरोप स्वजन लगा रहे हैं, लेकिन घटना कैसे हुई और उसमें उनके पोते की क्या भूमिका है, इसकी उन्हें कोई प्रत्यक्ष जानकारी नहीं है।

    इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मृतक के स्वजन को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

    यह भी पढ़ें- पटना में जेपी गंगा पथ पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई बाइक, 2 दोस्तों की गई जान