सुपौल : राघोपुर प्रखंड में डीएम का अचानक निरीक्षण, सिर्फ दो कर्मचारी मौजूद, शेष का वेतन रोका गया
डीएम सावन कुमार ने राघोपुर प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। सुबह 10:30 बजे केवल दो कर्मचारी उपस्थित मिले, नौ अनुपस्थित थे, जिनका एक दिन का वेतन क ...और पढ़ें

सुपौल राघोपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में जिलाधिकारी सावन कुमार पहुंचे।
HighLights
डीएम ने राघोपुर कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया।
नौ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, वेतन कटौती का आदेश।
निर्माणाधीन भवन में गुणवत्ताहीन कार्य पर जताई नाराजगी।
संवाद सूत्र, राघोपुर (सुपौल)। सोमवार की सुबह राघोपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी सावन कुमार अचानक सुबह 10:30 बजे निरीक्षण के लिए पहुंचे। डीएम के इस औचक आगमन से कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निरीक्षण के दौरान केवल दो कर्मचारी ही उपस्थित पाए गए, जबकि नौ अन्य अनुपस्थित थे। डीएम ने तत्काल प्रभाव से अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया और स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही और समय की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
निर्माणाधीन भवन में गुणवत्ताविहीन कार्य पर नाराजगी
भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस नीति अपनाते हुए डीएम ने राघोपुर ब्लॉक परिसर में बन रहे नए भवन का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण में भवन निर्माण में गंभीर अनियमितता और गुणवत्ता की कमी सामने आई। सीमेंट की बोरियों की स्थिति देखकर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और कार्यपालक अभियंता को जांच के निर्देश दिए।
साथ ही, बीडीओ और सीओ को सख्त आदेश दिया गया कि वे अपनी उपस्थिति में ही निर्माण कार्य संपन्न कराएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।
फरियादियों की समस्याएं सुनी और समाधान के आदेश
डीएम ने आरटीपीएस काउंटर, सीएससी काउंटर और अंचल कार्यालय के विभिन्न विभागों का मुआयना किया। वहां मौजूद फरियादियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आन-द-स्पाट निर्देश दिए।
खबरें और भी
अधिकारियों को चेतावनी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए। मौके पर बीडीओ सतेन्द्र कुमार, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, और राजस्व अधिकारी आकांशा कुमारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।