Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नए राशन कार्ड के लिए महादलित बस्तियों में चलेगा विशेष अभियान, PDS डीलर और विकास मित्रों को जिम्मेदारी  

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 11:31 PM (IST)

    राघोपुर, सुपौल में महादलित परिवारों को नया राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई। जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं और विकास मित्र ...और पढ़ें

    अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार। फोटो जागरण

    अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार। फोटो जागरण

    HighLights

    1. राघोपुर में महादलित परिवारों के लिए राशन कार्ड अभियान।

    2. एसडीएम ने छूटे पात्र परिवारों के सर्वे का दिया निर्देश।

    3. आय प्रमाण पत्र प्रक्रिया सरल करने का भी आदेश।

    संवाद सूत्र, राघोपुर (सुपौल)। प्रखंड क्षेत्र के महादलित समुदाय के हर वंचित परिवार को नया राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रखंड के टीसीपी भवन में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं और विकास मित्रों को महादलित बस्तियों में जाकर छूटे हुए पात्र परिवारों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया।

    जानकारी देते एसडीएम ने कहा कि राज्य सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए जाते रहे हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य महादलित और अत्यंत कमजोर वर्गों के परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना एनएफएसए के दायरे में लाना है।

    हालिया सरकारी निर्देशों और कल्याणकारी प्राथमिकताओं के तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र महादलित परिवार केवल कागजी प्रक्रिया या जानकारी के अभाव में राशन कार्ड से वंचित न रहे। इसी कड़ी में एसडीएम ने जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं और विकास मित्रों को प्रतिदिन महादलित टोलों में जाकर सर्वेक्षण करने को कहा।

    आवश्यक दस्तावेजों के साथ तुरंत आवेदन भरवाकर उन्हें प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के पास जमा करने का निर्देश दिया गया। दिए गए निर्देश में कहा गया कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रोजाना प्राप्त होने वाले आवेदनों और प्रगति की रिपोर्ट शाम को एसडीएम कार्यालय में जमा करें।

    खबरें और भी

    जो विकास मित्र और डीलर इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करेंगे, उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। बैठक के दौरान विकास मित्रों ने बताया कि पात्र लाभुकों को आय प्रमाण पत्र बनवाने में काफी परेशानी आ रही है।

    इस पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया को निर्देश दिया कि राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले पात्र परिवारों का आय प्रमाण पत्र समय सीमा के भीतर और आसान प्रक्रिया के साथ निर्गत किया जाए।

    बैठक में अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी बजरंग प्रताप सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी सतेंद्र कुमार, अंचलाधिकारी और प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी अमर कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे। इसके अलावा डीलर संघ के अध्यक्ष जगदेव प्रसाद यादव, पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र यादव सहित प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के डीलर एवं विकास मित्र भारी संख्या में मौजूद रहे।

    यह भी पढ़ें- बिहार में 10 हजार से 2 लाख तक मदद, अब शहरों में खुलेगा महिलाओं की कमाई का रास्ता