Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सुपौल में मिड-डे मील खाते ही बिगड़ी 80 से ज्यादा बच्चों की तबीयत, सब्जी में बिच्छू मिलने का आरोप

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 11:00 PM (GMT+05:30)

    त्रिवेणीगंज के मिरजावा मध्य विद्यालय में मध्याह्न भोजन खाने के बाद दर्जनों बच्चे बीमार पड़ गए, जिन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ...और पढ़ें

    अस्पताल में इलाज के लिए ले जाते परिजन। (जागरण)

    अस्पताल में इलाज के लिए ले जाते परिजन। (जागरण)

    HighLights

    1. मिरजावा स्कूल में मध्याह्न भोजन खाने से 80 बच्चे बीमार।

    2. लगभग 80-100 बच्चों को अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती।

    3. अभिभावकों ने भोजन में बिच्छू गिरने का गंभीर आरोप लगाया।

    संवाद सूत्र, त्रिवेणीगंज (सुपौल)। प्रखंड की मिरजावा पंचायत के वार्ड 10 स्थित मध्य विद्यालय मिरजावा में बुधवार को मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) खाने के बाद बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने से हड़कंप मच गया।

    भोजन करने के कुछ देर बाद बच्चों को उल्टी, पेट दर्द, चक्कर और घबराहट की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते स्कूल परिसर और गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया।

    आनन-फानन में बीमार बच्चों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

    अस्पताल में बड़ी संख्या में पहुंचे स्वजन के कारण काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। साथ ही लगातार नए बच्चों के अस्पताल पहुंचने के कारण बीमार बच्चों की सही संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी।

    सब्जी में बिच्छू गिरने का आरोप

    घटना के बाद स्वजन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मध्याह्न भोजन की सब्जी में बिच्छू गिरा हुआ था, जिसके बावजूद वही भोजन बच्चों को परोस दिया गया।

    उनका कहना था कि भोजन करने के बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई और कई बच्चे बेहोश भी हो गए। हालांकि भोजन में वास्तव में क्या मिला था, इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

    अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

    घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, एसडीपीओ सह अपर पुलिस अधीक्षक विभाष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी परमानंद प्रसाद, बीपीआरओ सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार तथा थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और बच्चों के इलाज तथा स्थिति की जानकारी ली।

    प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल बच्चों के बीमार होने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

    डीपीएम ने क्या कहा?

    डीपीएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के द्वारा मुझे सूचना मिली कि मध्य विद्यालय मिरजवा में कुछ बच्चे बीमार हैं। जिसे आनन-फानन में अस्पताल लाया गया, जहां इलाज चल रहा है।

    यहां आने पर देखा गया कि स्थिति कंट्रोल में है, लेकिन मध्याह्न भोजन खाने के बाद कुछ बच्चे की तबीयत बिगड़ी और पेट दर्द और उल्टी की शिकायत बताई गई।

    उन्होंने बताया कि बीमार बच्चों की संख्या लगभग 80 है, उन्होंने बताया कि कुछ बच्चे से पूछा गया तो उन्होंने बिच्छू गिरने की बात बताई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इसमें जिनकी भी लापरवाही होगी, उसपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    आंख का ऑपरेशन कराए हैं हेडमास्टर

    मध्य विद्यालय मिरजावा के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार ने बताया कि बरसात के मौसम में कीड़ा किसी बच्चे के प्लेट में गिर गया था, जिससे बच्चे चिल्लाने लगे की प्लेट में कीड़ा गिरा है। उसको देखते सभी बच्चे बोलने लगे कि तबीयत खराब है।

    उन्होंने बताया कि हम आंख का ऑपरेशान कराए हैं, जिसके कारण वे छुट्टी पर हैं। बच्चाें को लेकर संबंधित विभागीय पदाधिकारी और शिक्षक लोग अस्पताल गए हैं। अभी विद्यालय के प्रभार में शिक्षक अशोक कुमार है।

    बोले चिकित्सक 

    अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. बीएन पासवान ने बताया कि सरकारी स्कूल में एक सौ से अधिक बच्चे मध्याह्न भोजन खाने से बीमार हुए हैं जिन्हें पेट दर्द, सिर दर्द और उलटी का शिकायत होने पर अस्पताल लाया गया, सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया है सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी के दो स्कूलों में मिड डे मील जांच में बड़ी गड़बड़ी, प्रधानाध्यापकों से मांगा जवाब